Delhi News: अस्पताल में जामिया के छात्र को मारी गोली, FIR दर्ज

0 413

नयी दिल्ली. दिल्ली (Delhi) के होली फैमिली अस्पताल में जामिया मिल्लिया इस्लामिया (Jamia Milia Islamia) के छात्र को एक अन्य छात्र ने गोली (Gun Fire) मार दी। पुलिस ने इस सिलसिले में एक प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े आठ बजे जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पुस्तकालय में छात्रों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी।

पूछताछ के दौरान पता चला कि छात्रों के दो समूहों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया है। अधिकारी ने बताया कि घटना में उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के निवासी नोमान चौधरी (26) के सिर पर गंभीर चोट आई थी और वह इलाज के लिए अपने दोस्त नोमान अली के साथ दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के जामिया नगर स्थित होली फैमिली अस्पताल गया था।

अधिकारी ने बताया कि इस बीच दूसरे समूह का छात्र जलाल अपने दोस्तों के साथ अस्पताल पहुंचा और आपात वार्ड के बाहर अली पर गोली चला दी। घायल को एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। पुलिस ने बताया कि अपराध शाखा का एक दल घटनास्थल का मुआयना कर रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है।

होली फैमिली अस्पताल की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए एक बयान के अनुसार, ‘‘इलाके (जामिया नगर) में दो समूहों के बीच झड़प हुई और कुछ घायलों को अस्पताल लाया गया। दोनों समूहों के बीच अस्पताल के आपात वार्ड में गोलीबारी हुई। घटना में कोई भी अन्य व्यक्ति, अन्य मरीज या अस्पताल का कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ है। स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.