Box Office पर ‘धुरंधर 2’ का धमाका: 8वें दिन 800 करोड़ पार, वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ के करीब पहुंची फिल्म
नई दिल्ली: धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर लगातार रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही है। रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म की रफ्तार दूसरे हफ्ते में भी बरकरार है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस मल्टीस्टारर फिल्म ने महज 8 दिनों में घरेलू और विदेशी बाजार में शानदार कमाई करते हुए 1000 करोड़ क्लब की ओर तेजी से कदम बढ़ा दिए हैं।
भारत में 8वें दिन की कमाई ने बनाए नए रिकॉर्ड
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने दूसरे गुरुवार यानी 8वें दिन करीब 49.70 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म का कुल नेट कलेक्शन भारत में लगभग 674.17 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं, ग्रॉस कलेक्शन 800 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करते हुए करीब 805.32 करोड़ रुपये हो गया है।
पहले हफ्ते में ही 800 करोड़ के पार पहुंची फिल्म
फिल्म ने रिलीज के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर तूफानी शुरुआत की थी। प्रीव्यू शो से ही लगभग 43 करोड़ रुपये की कमाई के बाद पहले दिन 102.55 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन दर्ज किया गया। इसके बाद शुक्रवार को 80.72 करोड़ रुपये और वीकेंड पर जबरदस्त उछाल देखने को मिला। शनिवार को करीब 113 करोड़ और रविवार को 114.85 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म ने पहले वीकेंड में 454.12 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया।
वीकडेज में गिरावट, लेकिन पकड़ मजबूत
सोमवार को कलेक्शन में गिरावट आई, लेकिन फिल्म ने फिर भी लगभग 65 करोड़ रुपये कमाए। इसके बाद मंगलवार को 56.60 करोड़ और बुधवार को 48.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन रहा। गुरुवार को 49.70 करोड़ रुपये के साथ फिल्म ने अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी है।
पहले पार्ट के रिकॉर्ड पर नजर
अब धुरंधर के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ना फिल्म का अगला लक्ष्य बन गया है। पहले भाग ने कुल 1007.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी। मौजूदा रफ्तार को देखते हुए माना जा रहा है कि ‘धुरंधर: द रिवेंज’ जल्द ही इस आंकड़े को पार कर सकती है।
विदेशों में भी शानदार प्रदर्शन
फिल्म का जादू सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इंटरनेशनल मार्केट में भी इसका जलवा कायम है। अब तक फिल्म ने विदेशों में करीब 261.92 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इसके साथ ही वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन बढ़कर लगभग 1067.24 करोड़ रुपये हो गया है, जो तेजी से 1100 करोड़ क्लब की ओर बढ़ रहा है।