बॉक्स ऑफिस पर ‘धुरंधर 2’ का तूफान: 1500 करोड़ क्लब में एंट्री, 16वें दिन रचा इतिहास

0 22

रणवीर सिंह और निर्देशक आदित्य धर की जोड़ी इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है। उनकी फिल्म ‘धुरंधर 2’ ने कमाई के मामले में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 1500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। इसके साथ ही यह फिल्म भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में शामिल हो गई है जिन्होंने यह मुकाम हासिल किया है। इससे पहले केवल ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ ही इस क्लब में जगह बना पाई थीं।

16वें दिन भी दमदार कमाई, लगातार बढ़ रहा कलेक्शन

ट्रेड रिपोर्ट के मुताबिक, रिलीज के 16वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को ‘धुरंधर 2’ ने शानदार उछाल दिखाया। फिल्म ने गुरुवार के मुकाबले करीब 17.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ 21.55 करोड़ रुपये की कमाई की। 13,330 शोज के साथ फिल्म का भारत में कुल ग्रॉस कलेक्शन 1,148 करोड़ रुपये और नेट कलेक्शन 959.37 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। वहीं ओवरसीज में 375 करोड़ रुपये की कमाई के साथ फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस 1,523.58 करोड़ रुपये हो गया है।

हिंदी वर्जन सबसे आगे, अन्य भाषाओं में भी पकड़

कमाई के मामले में ‘धुरंधर 2’ का हिंदी वर्जन सबसे आगे बना हुआ है, जहां से फिल्म को 20.25 करोड़ रुपये मिले। इसके अलावा तेलुगु से 65 लाख, तमिल से 45 लाख, कन्नड़ से 15 लाख और मलयालम से 5 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की गई है। मल्टी-लैंग्वेज रिलीज का फायदा फिल्म को साफ तौर पर मिल रहा है।

तेजी में ‘दंगल’ और ‘बाहुबली 2’ से आगे निकली फिल्म

भले ही कुल कलेक्शन के मामले में ‘धुरंधर 2’ अभी ‘दंगल’, ‘बाहुबली 2’ और ‘पुष्पा 2’ से पीछे है, लेकिन 1500 करोड़ तक पहुंचने की रफ्तार में इसने सभी को पीछे छोड़ दिया है। जहां ‘दंगल’ को यह आंकड़ा छूने में करीब 30 दिन लगे थे, वहीं ‘बाहुबली 2’ ने 20 से ज्यादा दिनों में यह मुकाम हासिल किया था। इसके उलट ‘धुरंधर 2’ ने महज 16 दिनों में यह रिकॉर्ड बना दिया, जो इसे अब तक की सबसे तेज 1500 करोड़ कमाने वाली भारतीय फिल्म बनाता है।

वीकेंड पर और रिकॉर्ड टूटने की उम्मीद

फिल्म की लगातार मजबूत पकड़ को देखते हुए उम्मीद की जा रही है कि आने वाले वीकेंड पर भी इसकी कमाई में इजाफा होगा। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘धुरंधर 2’ अभी और कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.