गौतमबुद्धनगर: पंचशील बालक इंटर कॉलेज सेक्टर 91 नोएडा में विगत दिवस जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन हुआ। मुख्य विकास अधिकारी डॉक्टर शिवाकांत द्विवेदी व जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के निर्देशों के क्रम में जिला समन्वयक, शिक्षा विभाग अर्चना शिरोमणि के नेतृत्व में विद्यालय में जनपद स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया, जिसमें नोएडा के विद्यालयों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ.सुरेश चंद्र शर्मा, वैज्ञानिक अधिकारी, क्षेत्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिक केंद्र, गाजियाबाद द्वारा किया गया। मुख्य अतिथि सहित निर्णायक समिति के सदस्यों ने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित मॉडलों का अवलोकन किया और छात्रों के नवाचार प्रयासों की सराहना की। प्रदर्शनी में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने विज्ञान और तकनीक से जुड़े विभिन्न विषयों पर कार्यशील (वर्किंग) मॉडल प्रस्तुत किए। निर्णायक मंडल द्वारा प्रत्येक मॉडल का गहन मूल्यांकन किया गया तथा विद्यार्थियों से उनके मॉडलों की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं से संबंधित प्रश्न पूछे गए।
निर्णायकों ने छात्रों के मॉडलों में नए स्टार्ट-अप, नवाचार और उद्यमिता की व्यापक संभावनाएं देखीं। कड़ी समीक्षा एवं गहन विचार-विमर्श के पश्चात परिणाम घोषित किए गए। मुख्य अतिथि सहित निर्णायक समिति में अखिलेश कुमार सिंह, सहायक प्रोफेसर, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, डॉ. योद्धावीर सिंह एसोसिएट प्रोफेसर और डिप्टी एच.ओ.डी, गलगोटिया यूनिवर्सिटी, डॉ.सी.के सेठ, पूर्व प्रोफेसर, दिल्ली यूनिवर्सिटी, ए.के. सिन्हा, पीजीटी फिजिक्स शामिल रहे। ये सभी निर्णायक अपने-अपने क्षेत्र के अनुभवी एवं विशेषज्ञ थे।

अंत में परिणाम घोषित किए गए जिसमें जे.पी स्कूल की आराध्या वाधवा के मॉडल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर विशाल इंटरनेशनल स्कूल के छात्र आदिश जैन एवं तीसरा स्थान पंचशील बालक इंटर कॉलेज के छात्र मनोज ने हासिल किया। सांत्वना पुरस्कारों में महामाया बालिका इंटर कॉलेज एवं एस.डी.आर.वी. कान्वेंट स्कूल के विद्यार्थी रहे। विजेता घोषित हुए विजयता विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। वहीं प्रदर्शनी में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं निर्णायकों ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को विज्ञान के साथ आगे बढ़ने, नवाचार अपनाने के साथ समाज के लिए उपयोगी तकनीक विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन सकारात्मक संदेश और प्रेरणादायक वातावरण के साथ हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. नीरज टंडन ने आयोजकों, सभी अतिथियों, निर्णायकों एवं प्रतिभागी विद्यालयों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। विद्यालय में इस कार्यक्रम के सफल आयोजन में शिक्षिका कविता सक्सेना, ऋचा, शीतल सिंह, मिस शकीला, शज़ीनत, शिक्षक महेश्वर, आशा, नयाल, कुलदीप पाठक एवं चंदन कुमार की मुख्य एवं अग्रणी भूमिका रही।