गौतमबुद्धनगर में जिला सैनिक बंधु समिति की बैठक, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश
गौतमबुद्धनगर में पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान और उनके कल्याण से जुड़ी योजनाओं की प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर प्रशासन सक्रिय नजर आया। इसी कड़ी में 9 अप्रैल 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई।
पूर्व सैनिकों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने पूर्व सैनिकों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इन समस्याओं का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

भूमि, सड़क, जलभराव से लेकर पेंशन और रोजगार तक उठे मुद्दे
बैठक में पूर्व सैनिकों ने भूमि विकास, गांव की सड़कों की मरम्मत, जलभराव, पुलिस से जुड़े मामलों, बैंक ऋण, पेंशन, शिक्षा, आर्थिक सहायता, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। इन मुद्दों पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और उसकी रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत की जाए।
सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र सैनिक तक पहुंचाने पर जोर
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि राज्य सरकार द्वारा सैनिकों के हित में चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि जनपद का कोई भी पात्र पूर्व सैनिक इन योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।

बैठक में कई विभागों के अधिकारी और पूर्व सैनिक रहे मौजूद
इस बैठक में जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (आईएन) राम प्रवेश सिंह, पुलिस विभाग के प्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी, पूर्व सैनिक कल्याण समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।