बिहार मंत्रिमंडल में विभागों का बंटवारा, निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी; विजय सिन्हा संभालेंगे कृषि विभाग
बिहार में नई सरकार के गठन के बाद मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को स्वास्थ्य मंत्री बनाया गया है, जबकि विजय सिन्हा को कृषि विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। बताया जा रहा है कि मंत्रियों के विभागों की आधिकारिक सूची जल्द जारी की जाएगी।
प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह की मौजूदगी में हुआ शपथ ग्रहण
इससे पहले पटना में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में निशांत Kumar समेत 31 अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने NDA के विभिन्न घटक दलों से चुने गए कुल 32 नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे। समारोह को लेकर राजधानी पटना में राजनीतिक हलचल पूरे दिन बनी रही।
शपथ से पहले पिता नीतीश कुमार का लिया आशीर्वाद
मंत्री पद की शपथ लेने से पहले निशांत कुमार ने अपने पिता और जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। यह तस्वीर समारोह के दौरान खास चर्चा का विषय बनी रही।
निशांत कुमार का नाम शपथ लेने वाले प्रमुख चेहरों में शामिल रहा। उन्होंने पिछले महीने राज्यसभा जाने के लिए मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था। ऐसे में उनकी नई राजनीतिक भूमिका को लेकर लंबे समय से अटकलें लगाई जा रही थीं।
सीधे मंत्री बनकर राजनीति में एंट्री
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जेडीयू नेता नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार अब तक सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए थे। उन्हें शांत स्वभाव और निजी जीवन पसंद करने वाला व्यक्ति माना जाता रहा है। उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है और उनका झुकाव सादगी तथा आध्यात्मिक जीवन की ओर बताया जाता है।
हालांकि अब निशांत कुमार ने सीधे मंत्री बनकर बिहार की राजनीति में औपचारिक एंट्री कर ली है। इससे पहले उन्होंने मंत्री पद स्वीकार करने से इनकार करते हुए कहा था कि वह पहले खुद को पार्टी कार्यकर्ता के रूप में स्थापित करना चाहते हैं। लेकिन नई सरकार के गठन के साथ ही उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी गई है।