गौतमबुद्धनगर: जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में शासकीय अधिवक्ताओं के साथ अभियोजन कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि पॉक्सो, गैंगस्टर एवं अभियोजन से संबंधित सभी प्रकरणों की शासन स्तर से निरंतर मॉनिटरिंग की जा रही है, ऐसे में शासकीय अधिवक्ताओं का दायित्व और अधिक बढ़ जाता है कि इन प्रकरणों में प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाया जाए, जिससे शासन की मंशा को मूर्त रूप दिया जा सके।

जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि अपराधियों प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा उनकी अद्यतन सूची उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जिन प्रकरणों में दोषमुक्ति हो चुकी है, उनकी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि मासिक बैठकों में ऐसे प्रकरणों पर अपील किए जाने के संबंध में निर्णय लिया जा सके।

उन्होंने शासकीय अधिवक्ताओं से अपेक्षा की कि अभियोजन कार्यों को सुनियोजित ढंग से संपादित किया जाए, जिससे अधिक से अधिक वादों का निस्तारण शासन के हित में सुनिश्चित हो सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, एवं समस्त शासकीय अधिवक्तागण उपस्थित रहे।