DM ने की एलपीजी, पेट्रोल-डीजल वितरण एजेंसी के अधिकारियों के साथ बैठक, बोली- कालाबाजारी एवं अनाधिकृत भंडारण बर्दास्त नहीं
गौतमबुद्धनगर। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में एलपीजी गैस तथा पेट्रोल-डीजल वितरण से जुड़े अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर जनपद में आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल की विपणन एवं आपूर्ति शाखा के क्षेत्रीय बिक्री अधिकारियों के साथ गैस सिलेंडर की उपलब्धता, वितरण व्यवस्था और कालाबाजारी रोकने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को शत-प्रतिशत गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक
बैठक के दौरान गैस वितरण एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी को जानकारी दी कि जनपद में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि किसी भी तरह की घबराहट या अफवाह के कारण अनावश्यक हलचल न पैदा करें। अधिकारियों ने बताया कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार सिंगल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता सिलेंडर डिलीवरी के 25 दिन बाद अग्रिम रिफिल बुकिंग करा सकते हैं, जबकि डबल बॉटल कनेक्शन वाले उपभोक्ता 30 दिन बाद रिफिल बुकिंग कर सकते हैं।

अनाधिकृत भंडारण और दलालों पर होगी सख्त कार्रवाई
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 प्रभावी है। ऐसे में यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा अनाधिकृत स्रोतों या दलालों के माध्यम से एलपीजी सिलेंडरों की खरीद-फरोख्त या भंडारण किया जाता पाया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि वितरण प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।
पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों को निगरानी के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिया कि उनके सीसीटीवी कैमरे हर समय चालू स्थिति में रहें और सभी अभिलेख अद्यतन रखे जाएं। साथ ही रिपीटेड बायर्स और कर्मचारियों की गतिविधियों पर भी निगरानी रखने को कहा गया, ताकि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी या अनियमितता की संभावना न रहे।

ऑनलाइन बुकिंग से ही लें गैस सिलेंडर
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अधिकृत एलपीजी कंपनियों के ऑनलाइन सिस्टम, मोबाइल नंबर या मोबाइल ऐप के माध्यम से ही गैस रिफिल बुक करें। इसके बाद एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर या अधिकृत विक्रेताओं के जरिए ही सिलेंडर प्राप्त करें। उन्होंने लोगों से यह भी कहा कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली किसी भी भ्रामक सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें।
बैठक में डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, पूर्ति निरीक्षक तथा पेट्रोल पंप और एलपीजी गैस वितरण एजेंसियों के पदाधिकारी मौजूद रहे।