उद्योग बन्धु बैठक में DM का सख्त रुख, अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी; अतिक्रमण, जाम और जीएसटी मुद्दों पर दिए कड़े निर्देश

0 21

गौतमबुद्धनगर में औद्योगिक माहौल को और बेहतर, सुरक्षित व निवेश अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग बन्धु समिति और जिला एमआईयू की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी और जनपद के प्रमुख उद्यमी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे। मुख्य फोकस उद्यमियों की समस्याओं के समयबद्ध और प्रभावी समाधान पर रहा।

अनुपस्थित अधिकारियों पर जताई कड़ी नाराजगी

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के वर्क सर्कल एसीईओ तथा ओएसडी की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर एक सप्ताह के भीतर विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि शासन को पूरे प्रकरण से अवगत कराया जा सके और भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

बैठक से पहले समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संबंधित प्राधिकरण और जिला स्तरीय अधिकारी बैठक से पूर्व उद्यमियों द्वारा दी गई समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें और बैठक से कम से कम एक सप्ताह पहले अपनी आख्या प्रस्तुत करें। उन्होंने कहा कि इससे समीक्षा बैठक अधिक प्रभावी और परिणामोन्मुखी बन सकेगी।

अतिक्रमण, जाम और आधारभूत सुविधाएं बनीं प्रमुख मुद्दे

बैठक के दौरान उद्यमी प्रतिनिधियों ने अतिक्रमण, यातायात जाम, कूड़ा-कचरा निस्तारण, पार्किंग की कमी, सड़कों की खराब स्थिति, स्ट्रीट लाइट, जलभराव, जीएसटी से जुड़ी जटिलताओं, जल आपूर्ति और अन्य आधारभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना क्षेत्र के प्रमुख बाजारों की स्थानीय समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया गया।

अवैध अतिक्रमण पर विशेष अभियान के निर्देश

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि व्यापारिक गतिविधियां किसी भी व्यवस्थागत बाधा से प्रभावित न हों। उन्होंने उद्यमी क्षेत्रों और स्थानीय निकायों को बाजार क्षेत्रों में अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने और आवश्यकता पड़ने पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। पुलिस विभाग को बाजारों में यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने और व्यस्त समय में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए।

कूड़ा निस्तारण और मॉनिटरिंग पर जोर

कूड़ा निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा के अधिकारियों को क्षेत्रवार तैनात सफाई कर्मचारियों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सफाई कर्मियों की नियमित मॉनिटरिंग हो और बार-बार अनुपस्थित पाए जाने पर कार्रवाई की जाए। चिन्हित कूड़ादान स्थलों पर संबंधित कर्मचारी, वाहन और वाहन चालक के मोबाइल नंबर सार्वजनिक किए जाने के निर्देश भी दिए गए, ताकि शिकायत की स्थिति में त्वरित समाधान संभव हो सके।

महिला शौचालयों के रखरखाव और 24×7 संचालन के निर्देश

जिलाधिकारी ने उद्यमी क्षेत्रों में महिलाओं के लिए उपलब्ध शौचालयों के समुचित रखरखाव और आवश्यकतानुसार नए शौचालयों के निर्माण के निर्देश दिए। साथ ही सभी सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों को 24×7 संचालित करने को कहा, ताकि महिला उद्यमियों और कर्मचारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक का संचालन उपायुक्त उद्योग पंकज निर्वाण ने किया। इस दौरान एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण श्रीलक्ष्मी वी एस, ओएसडी यमुना विकास प्राधिकरण शिव अवतार सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नोएडा रितेश कुमार, एसएम ग्रेटर नोएडा चेतराम सिंह सहित पुलिस विभाग और संबंधित प्राधिकरणों के अधिकारी मौजूद रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.