बिहार में कोहरे का डबल अटैक, पटना समेत कई जिलों में विजिबिलिटी गिरी; 22 दिसंबर के बाद बढ़ेगी कड़ाके की ठंड

0 908

पटना। बिहार में फिलहाल कड़ाके की ठंड ने पूरी तरह दस्तक नहीं दी है, लेकिन ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखाने लगी है। गुरुवार की सुबह पटना समेत राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से सुबह के समय सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई और विजिबिलिटी काफी कम दर्ज की गई। राजधानी पटना में चारों ओर कोहरे की चादर नजर आई।

पटना के अधिकतम तापमान में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 0.6 डिग्री की कमी के साथ 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले मंगलवार को भी अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई थी। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दो दिनों तक ठंड और कोहरे से राहत के आसार कम हैं।

इन जिलों में रहेगा घना कोहरा
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पटना के अलावा पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, गोपालगंज, सीवान, दरभंगा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मुंगेर, जमुई, भागलपुर, समस्तीपुर, वैशाली और गया में रात और सुबह के समय मध्यम से घना कोहरा छाया रह सकता है। खासकर उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य बिहार में दृश्यता काफी कम रहने की संभावना है।

मुजफ्फरपुर में 22 दिसंबर के बाद बढ़ेगी कनकनी
मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि 22 दिसंबर के बाद मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में तापमान में तेजी से गिरावट आएगी, जिससे ठंड और कनकनी बढ़ेगी। फिलहाल जिले में पछुआ हवाएं धीमी गति से चल रही हैं, जिसके चलते कोहरे का असर बढ़ रहा है। हालांकि 21 और 22 दिसंबर को मौसम में थोड़े सुधार के संकेत हैं।

पिछले 24 घंटों में अधिकतम तापमान सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 1.8 डिग्री नीचे 8.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

भागलपुर में दिन का पारा और गिरेगा
भागलपुर जिले में भी ठंड का असर बढ़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार शुक्रवार तक उत्तर और उत्तर-मध्य बिहार में मध्यम से घना कोहरा बना रहेगा, जबकि भागलपुर का मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है। हालांकि दिन के तापमान में 1 से 1.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इस दौरान 4 से 5 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पछुआ हवाएं चल सकती हैं।

पूर्णिया में सुबह-शाम ठंड, दिन में हल्की गर्माहट
पूर्णिया जिले में फिलहाल किसी बड़े पश्चिमी विक्षोभ का असर नहीं है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक सुबह-शाम ठंड और दिन में हल्की गर्माहट का सिलसिला जारी रह सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

मोतिहारी और पश्चिम चंपारण में कोहरे का कहर
मोतिहारी और पश्चिम चंपारण में अचानक ठंड बढ़ने से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है। पश्चिम चंपारण में सुबह के समय घना कुहासा छाया रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन तीन-चार दिन बाद तापमान में और कमी आ सकती है। ठंड बढ़ने के साथ ही ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोग अलाव का सहारा लेने लगे हैं। अगर दिन में धूप नहीं निकली तो ठंड और बढ़ सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.