UP में मौसम का डबल अटैक: 25 जिलों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट, 24 जिलों में तेज गर्मी की चेतावनी
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर तेजी से बदलने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। 15 मार्च से प्रदेश के कई जिलों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। हालांकि दूसरी ओर कई जिलों में तेज गर्मी भी जारी रहने की चेतावनी दी गई है, जिससे प्रदेश में मौसम का दोहरा असर देखने को मिल सकता है।
15 मार्च से कई जिलों में बारिश के आसार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 मार्च को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम साफ रहेगा और तेज धूप देखने को मिलेगी। कुछ जिलों में हल्के बादलों की आवाजाही संभव है। वहीं 15 मार्च से करीब 25 जिलों में बादल छाने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। 16 मार्च को भी कई इलाकों में बादलों की मौजूदगी बनी रह सकती है और कहीं-कहीं बूंदाबांदी हो सकती है।
इन जिलों में 35 से 37 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को अयोध्या, बहराइच, बस्ती, बांदा, झांसी, ललितपुर, महोबा, आगरा, अलीगढ़, गोरखपुर, महराजगंज, श्रावस्ती, वाराणसी, मथुरा, मेरठ, सहारनपुर, रामपुर, बरेली, अमेठी, बाराबंकी, रायबरेली, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर और शामली सहित कई जिलों में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। इन क्षेत्रों में दिन के समय तेज गर्मी का असर महसूस किया जा सकता है।
तेज हवाओं के साथ गिर सकता है तापमान
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 15 और 16 मार्च को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इन हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके चलते अधिकतम और न्यूनतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।
लखनऊ में 24 घंटे बाद बदल सकता है मौसम
राजधानी लखनऊ में शनिवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप का असर देखने को मिलेगा। यहां अधिकतम तापमान करीब 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। हालांकि अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है। 16 मार्च को लखनऊ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 17 मार्च को भी आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है।
बांदा में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से तापमान लगातार बढ़ रहा है। बीते 24 घंटों के दौरान बांदा में अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा। वहीं नजीबाबाद में न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।