मौसम का डबल अटैक! 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट, 5 राज्यों में लू का कहर; छत्तीसगढ़ में मानसून की एंट्री के आसार

0 44

नई दिल्ली: देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। एक ओर कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, वहीं दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो चुकी हैं और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में इसके जल्द पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि 23 जून के आसपास मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। पिछले करीब 15 दिनों से महाराष्ट्र और आसपास के क्षेत्रों में मानसून की रफ्तार थमी हुई थी, लेकिन अब अनुकूल परिस्थितियों के चलते इसके दोबारा सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं।

4 राज्यों में भारी बारिश का रेड अलर्ट

पूर्वोत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल के कुछ क्षेत्रों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में अत्यधिक वर्षा के कारण जनजीवन प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।

सिक्किम और उत्तर बंगाल में भी भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि लगातार वर्षा के कारण निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन जैसी स्थितियां पैदा हो सकती हैं।

इन राज्यों में आंधी, बिजली और तेज हवाओं का खतरा

अरुणाचल प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, झारखंड, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इन राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अगले दो से तीन दिनों तक तेज हवाएं चल सकती हैं। जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना व्यक्त की गई है।

5 राज्यों में लू का अलर्ट जारी

बारिश के बीच कई राज्यों में गर्मी और लू का असर भी बना हुआ है। विदर्भ, पूर्वी मध्य प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक हीटवेव की स्थिति बने रहने की संभावना है।

इसके अलावा छत्तीसगढ़, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तर प्रदेश और बिहार के कुछ हिस्सों में भी लू चलने की चेतावनी जारी की गई है। विदर्भ क्षेत्र में रात के समय भी गर्म हवाओं का असर बना रह सकता है।

पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?

बीते 24 घंटों के दौरान मेघालय में कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गई। पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी मूसलाधार वर्षा हुई। असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।

ओडिशा और पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जबकि विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का प्रभाव बना रहा। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि सप्ताह भर इन क्षेत्रों में गर्मी का असर जारी रह सकता है।

तापमान में उतार-चढ़ाव के संकेत

उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में पहले गिरावट और उसके बाद हल्की बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। वहीं महाराष्ट्र में आने वाले दिनों में तापमान में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। देश के अधिकांश अन्य हिस्सों में फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.