महिला जनसुनवाई में डॉ. मीनाक्षी भराला का सख्त रुख, 10 मामलों में अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

0 71

गौतम बुद्ध नगर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की माननीय सदस्य डॉ. मीनाक्षी भराला की अध्यक्षता में दादरी स्थित खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से जुड़े कुल 10 प्रकरण दर्ज किए गए, जिन पर मौके पर ही सुनवाई करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए गए।

महिला शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान डॉ. मीनाक्षी भराला ने महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कहा कि प्रत्येक प्रकरण का प्राथमिकता के आधार पर अनुश्रवण किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पीड़ित महिलाओं को समय पर न्याय मिलना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बाल विवाह के खिलाफ दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को बाल विवाह रोकथाम की शपथ दिलाई गई। डॉ. भराला ने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक बुराई और गैरकानूनी कृत्य है, जो बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने समाज के प्रत्येक व्यक्ति से अपील की कि बाल विवाह की किसी भी जानकारी को तुरंत प्रशासन, 1098, 181 या 112 पर सूचित करें।

गोद भराई और अन्नप्राशन से दिया मातृत्व संदेश
इस अवसर पर पांच लाभार्थियों को बेबी किट वितरित की गई। साथ ही गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार विधिवत संपन्न कराया गया। डॉ. मीनाक्षी भराला ने कहा कि स्वस्थ मातृत्व और सुरक्षित बचपन ही सशक्त समाज की नींव है और सरकार महिलाओं एवं बच्चों के पोषण और अधिकारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

पोषण स्टॉल का अवलोकन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सराहना
बाल विकास परियोजना दादरी द्वारा राज्य कौशल मिशन के तहत पौष्टिक व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें रागी की टिक्की, चना दाल खिचड़ी, सूजी की इडली, बाजरे के बिस्किट और बेसन का टोकला शामिल रहा। डॉ. भराला ने स्टॉल का निरीक्षण कर व्यंजनों का स्वाद लिया और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना की।

वन स्टॉप सेंटर और बाल ग्रह का निरीक्षण
महिला जनसुनवाई कार्यक्रम के बाद माननीय सदस्य ने सेक्टर-62 नोएडा स्थित राजकीय बाल/बालिका ग्रह एवं वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की समीक्षा कर पीड़ित महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उपायुक्त पुलिस महिला सुरक्षा मनीषा सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी मनोज कुमार पुष्कर, संरक्षण अधिकारी विभा, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, वन स्टॉप सेंटर की प्रबंधक रिंकी रानी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.