जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में सोमवार तड़के भूकंप के तेज झटकों से धरती हिल उठी। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 4.6 दर्ज की गई। सुबह करीब 5 बजकर 35 मिनट पर आए इन झटकों से लोग गहरी नींद से जाग गए और एहतियातन अपने घरों से बाहर निकल आए। अचानक आए कंपन से कुछ देर के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पट्टन रहा भूकंप का केंद्र, आसपास के इलाकों में भी असर
अधिकारियों के मुताबिक भूकंप का केंद्र बारामूला जिले का पट्टन क्षेत्र रहा। झटकों की तीव्रता इतनी थी कि इसका असर आसपास के कई इलाकों में भी महसूस किया गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि शुरुआती जानकारी में कहीं से भी जान-माल के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।
कुछ सेकंड तक हिलते रहे घर, लोग सहमे
स्थानीय निवासियों का कहना है कि भूकंप के झटके कुछ सेकंड तक महसूस किए गए, इस दौरान घरों की खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे। अचानक हुए इस कंपन से लोग घबरा गए और खुले स्थानों की ओर दौड़ पड़े। सुबह के वक्त आए भूकंप ने लोगों को डर और चिंता में डाल दिया।
भूकंपीय जोन में कश्मीर, प्रशासन अलर्ट मोड पर
कश्मीर घाटी भूकंपीय रूप से संवेदनशील क्षेत्र में आती है, जहां समय-समय पर हल्के से मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं। भूकंप के बाद जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें तुरंत सक्रिय हो गईं। संवेदनशील इलाकों पर नजर रखी जा रही है और हालात पर लगातार निगरानी की जा रही है।