CM केजरीवाल को ED ने भेजा तीसरा समन, 3 जनवरी को बुलाया

0 279

नई दिल्ली : शराब घोटाला केस में दिल्ली सरकार की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं. अब इस मामले की आंच सीएम केजरीवाल तक पहुंच गई हैं. प्रवर्तन निदेशालय उन्हें एक के बाद एक समन भेज रहा है, लेकिन केजरीवाल अब तक एक बार भी ईडी के सामने पेश नहीं हुए हैं. सीएम केजरीवाल को अब ईडी ने तीसरा समन जारी कर दिया है और उन्हें तीन जनवरी को पेश होने को कहा है।

गौरतलब है कि सीएम केजरीवाल विपश्यना के लिए पंजाब के होशियारपुर पहुंच चुके हैं और यहां 10 दिनों तक साधना में रहने वाले हैं. इससे पहले केजरीवाल को 21 दिसंबर को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था।

जानकारी के मुताबिक, दिल्ली सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल बीते बुधवार को विपश्यना के लिए गए थे. वह होशियारपुर के महिलावली गांव स्थित धम्म ध्वज विपश्यना साधना केंद्र में 10 दिनों के लिए साधना करेंगे. दिल्ली के सीएम पहले से तय विपश्यना कार्यक्रम में 30 दिसंबर तक मौजूद रहेंगे. इसी वजह से वह 21 दिसंबर को ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे. उन्हें ईडी ने कथित शराब नीति घोटाला मामले में 21 दिसंबर को पूछताछ के लिए समन भेजा था।

यह लगातार दूसरी बार है जब ईडी के समन पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पूछताछ में शामिल नहीं हुए. दिल्ली के कथित शराब घोटाले में इस साल 16 अप्रैल को ईडी ने अरविंद केजरीवाल से करीब 9 घंटे तक पूछताछ की थी. केंद्रीय एजेंसी ने उन्हें पूछताछ के लिए 2 नवंबर को समन जारी किया था, लेकिन वह 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में व्यस्त होने का हवाला देते हुए ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे. इसके बाद 18 दिसंबर को ईडी ने उन्हें दोबारा समन जारी करके 21 दिसंबर को पेश होने के लिए कहा था, लेकिन सीएम केजरीवाल एक बार फिर ईडी के सामने पेश नहीं हुए।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.