लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास हो रहा है, जबकि रात में चलने वाली ठंडी हवाएं सिहरन पैदा कर रही हैं। शनिवार को दिनभर धूप खिली रही और लोग गर्म कपड़ों से दूरी बनाते दिखे, वहीं रविवार सुबह हल्की ठंडक महसूस की गई। पिछले 24 घंटों में कई जिलों में अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री की बढ़ोतरी और न्यूनतम तापमान में करीब 1 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
इन जिलों में आज साफ मौसम और तेज धूप
मौसम विभाग के अनुसार 15 फरवरी यानी महाशिवरात्रि के दिन आगरा, कानपुर, गोरखपुर, बरेली, पीलीभीत, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, रामपुर, अमरोहा और मथुरा समेत कई जिलों में सुबह आसमान साफ रहेगा और दिन में तेज धूप निकलने का अनुमान है। विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले तीन दिनों तक तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी जारी रहेगी।
48 घंटे बाद बारिश और तेज हवा की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 17 और 18 फरवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कुछ स्थानों पर गरज-चमक के आसार भी हैं।
कानपुर मंडल का ताजा अपडेट
कानपुर क्षेत्र में आने वाले दिनों में तेज धूप निकलने के संकेत हैं। करीब 9 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है और ऊंचे बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है। दिन और रात का तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहेगा। शनिवार को कृषि मौसम केंद्र के आंकड़ों के मुताबिक अधिकतम तापमान 25.8°C और न्यूनतम 9.0°C दर्ज किया गया, जबकि दिन में उत्तर-पश्चिम दिशा से लगभग 2.6 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चली।
विशेषज्ञों की सलाह
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एस.एन. सुनील पांडेय के अनुसार अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहने से बारिश की संभावना कम रहेगी, लेकिन 18 फरवरी तक हल्के से मध्यम बादल छाने, तेज हवा चलने और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। फिलहाल दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि रात के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। किसानों को खेतों में नमी बनाए रखने की सलाह दी गई है।