सीजफायर का असर: शेयर बाजार में रिकॉर्डतोड़ उछाल, सेंसेक्स 2600 अंक चढ़ा, निफ्टी 700 पार

0 43

अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के युद्धविराम की खबर ने भारतीय शेयर बाजार में जबरदस्त उत्साह भर दिया है। वैश्विक तनाव में कमी के संकेत मिलते ही दलाल स्ट्रीट पर खरीदारी की लहर दौड़ पड़ी और हफ्तों से दबाव में चल रहा बाजार अचानक तेज रफ्तार पकड़ता नजर आया।

ओपनिंग में ही बाजार में जबरदस्त तेजी
बुधवार सुबह बाजार खुलते ही निवेशकों ने आक्रामक खरीदारी शुरू कर दी। सेंसेक्स 2,696 अंकों की भारी बढ़त के साथ 77,312 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 767 अंकों की छलांग लगाकर 23,890 के पार निकल गया। बाजार की चौड़ाई भी बेहद मजबूत रही, जहां 2,534 शेयर बढ़त के साथ कारोबार करते दिखे, जबकि महज 166 शेयरों में गिरावट रही।

इन सेक्टरों और शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी
आज की तेजी में खास तौर पर तेल और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी कंपनियों के शेयरों ने बाजी मारी। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से एविएशन सेक्टर को बड़ा फायदा मिला, जिससे इंटरग्लोब एविएशन के शेयरों में जोरदार उछाल देखा गया। इसके अलावा एलएंडटी, श्रीराम फाइनेंस, अदाणी पोर्ट्स और अदाणी एंटरप्राइजेज भी टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
वहीं दूसरी ओर, तेल कीमतों में गिरावट का असर ऑयल प्रोड्यूसिंग कंपनियों पर पड़ा, जिससे ओएनजीसी और कोल इंडिया जैसे शेयर दबाव में नजर आए।

तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह क्या?
इस तूफानी तेजी की सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर राहत का माहौल है। सीजफायर के ऐलान के बाद कच्चे तेल की कीमतों में करीब 20 फीसदी की गिरावट आई है। भारत जैसे देश, जो अपनी जरूरत का अधिकांश तेल आयात करता है, उसके लिए यह बड़ी राहत है। सस्ता तेल महंगाई को काबू में रखने और कंपनियों की लागत घटाने में मदद करता है, जिससे बाजार में सकारात्मक माहौल बनता है।

क्या आगे भी जारी रहेगी रैली?
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर युद्धविराम की स्थिति स्थिर रहती है और ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत सफल होती है, तो भारतीय शेयर बाजार नई ऊंचाइयों को छू सकता है। फिलहाल बैंकिंग, आईटी समेत लगभग सभी सेक्टरों में खरीदारी का माहौल बना हुआ है, जिससे बाजार में मजबूती के संकेत मिल रहे हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.