कर्नाटक चुनाव का ऐलान आज, 11 बजे निर्वाचन आयोग की PC

0 437

बैंगलोर: कर्नाटक में विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा आज होने वाली है. निर्वाचन आयोग (ECI) इस संबंध में आज बुधवार (29 मार्च) सुबह साढ़े 11 बजे विज्ञान भवन के प्लेनरी हॉल में प्रेस वार्ता करेगा. बता दें कि, राज्य की मौजूदा भाजपा सरकार का कार्यकाल मई में पूरा हो रहा है. माना जा रहा है कि राज्य में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में कराया जा सकता है. कर्नाटक में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी भाजपा और कांग्रेस के बीच माना जा रहा है. कांग्रेस इस बार सत्ता में वापसी के लिए पूरी ताकत लगा रही है.

रिपोर्ट के अनुसार, कर्नाटक में मतदाताओं की संख्या 5.21 करोड़ है, इनमें 2.59 करोड़ महिला मतदाता हैं. जानलेवा कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के मद्देनजर निर्वाचन आयोग सियासी दलों को दिशा-निर्देश भी जारी करेगा. 225 सीटों वाली कर्नाटक विधानसभा का कार्यकाल 24 मई को समाप्त होगा. चुनाव की तैयारियों को लेकर कुछ दिन पहले मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) राजीव कुमार ने राज्य का दौरा कर चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की थी. बता दें कि सूबे में 36 सीट अनुसूचित जाति (SC) के लिए और 15 सीटें अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित हैं.

वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता छिन जाने के बाद पहली बार किसी राज्य में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं. यह चुनाव अब कांग्रेस के लिए अपनी साख बचाने की लड़ाई बन गया है. बीते दिनों कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा था मोदी सरकार की गलतियों का जवाब जनता कर्नाटक चुनाव में देगी. कांग्रेस 124 उम्मीदवारों की पहली सूची भी जारी कर चुकी है. दूसरी लिस्ट कांग्रेस कल जारी कर सकती है. बताया जा रहा है कि भाजपा अपने उम्मीदवारों की पहली सूची अप्रैल के पहले हफ्ते में जारी कर सकती है.

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.