‘जनता की हर समस्या का तुरंत समाधान हो’, गोरखपुर में CM योगी का अधिकारियों को सख्त निर्देश

0 46

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर प्रवास के दौरान गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित व प्रभावी समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता से जुड़ी हर शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लेकर उसका संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में पहुंचे लोगों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सरकार हर समस्या पर गंभीरता से कार्रवाई करेगी और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।

करीब 200 लोगों से सीधे मिले मुख्यमंत्री

जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 200 लोगों से मुलाकात की। महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर बैठे लोगों के बीच पहुंचकर उन्होंने एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने प्रार्थना पत्र स्वीकार किए और मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

उन्होंने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समाधान समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से किया जाए।

जमीन कब्जा और अपराध पर सख्त रुख

जनता दर्शन में जमीन कब्जा और अपराध से जुड़ी शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि किसी भी दबंग द्वारा यदि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा किया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। गरीबों को बेदखल करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा न जाए और पीड़ितों को उनका हक दिलाया जाए।

पारिवारिक विवादों में पहले संवाद, फिर कार्रवाई

कार्यक्रम के दौरान कई पारिवारिक विवाद के मामले भी सामने आए। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में पहले दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित कराया जाए। यदि बातचीत से समाधान संभव न हो, तो विधिक कार्रवाई की जाए।

इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा

कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि धन के अभाव में किसी का इलाज नहीं रुकेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जरूरतमंदों के इलाज का अनुमान शीघ्र तैयार कराकर उपलब्ध कराया जाए, ताकि तत्काल सहायता दी जा सके।

बच्चों को दुलार, चॉकलेट देकर दिया आशीर्वाद

जनता दर्शन में आई महिलाओं के साथ आए बच्चों को मुख्यमंत्री ने दुलारते हुए चॉकलेट दी और आशीर्वाद दिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल भावनात्मक भी नजर आया।

गोरखनाथ मंदिर में पूजा और गोसेवा

गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री की दिनचर्या परंपरागत रही। उन्होंने प्रातःकाल गुरु गोरखनाथ का दर्शन-पूजन किया और अपने गुरु ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मंदिर की गोशाला में पहुंचकर गोवंश को दुलार किया और अपने हाथों से गुड़ खिलाया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.