यूपी में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट जारी; दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, IMD ने अगले तीन दिन बताए बेहद अहम

0 11

लखनऊ: देशभर में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश से लेकर दिल्ली-एनसीआर तक भीषण लू और उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। भारतीय मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों के लिए रेड अलर्ट जारी करते हुए लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी ऑरेंज अलर्ट लागू कर दिया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार, 23 मई तक उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हीटवेव से लेकर सीवियर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। खासतौर पर बुंदेलखंड, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वांचल के कई जिलों में तेज लू के साथ उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने की संभावना बेहद कम है।

सामान्य से 6 डिग्री तक ऊपर पहुंच सकता है तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में तापमान सामान्य से 3 से 6 डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया जा सकता है। रेड अलर्ट वाले इलाकों में रात के समय भी तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं होगी, जिससे लोगों को लगातार गर्मी का सामना करना पड़ेगा। अगले सात दिनों तक प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में लू का असर बना रहने की संभावना जताई गई है।

दिल्ली-एनसीआर में भी बढ़ा गर्मी का खतरा

दिल्ली-एनसीआर में भी पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है। इसी को देखते हुए भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए जारी येलो अलर्ट को बढ़ाकर ऑरेंज अलर्ट कर दिया है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक दिल्ली में भीषण लू चल सकती है, जबकि उसके बाद भी गर्म हवाओं का असर जारी रहेगा।

मौसम विभाग ने कहा है कि अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। अनुमान है कि इस सप्ताह दिल्ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे नहीं जाएगा।

कब जारी होता है हीटवेव अलर्ट?

मौसम विभाग के अनुसार, जब किसी क्षेत्र का अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच जाता है और सामान्य तापमान से कम से कम 4.5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया जाता है, तब लू यानी हीटवेव घोषित की जाती है।

भीषण गर्मी में बरतें ये जरूरी सावधानियां

विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और सिर को टोपी, गमछे या छाते से ढककर रखें। शरीर में पानी की कमी न होने दें और नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें, भले ही प्यास न लगी हो। इसके अलावा घर और वाहनों में अग्निशामक यंत्र रखने की भी सलाह दी गई है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.