हार्दिक पांड्या की वापसी से मुंबई इंडियंस ने रचा इतिहास, IPL में PWI के बाद ऐसा करने वाली बनी दूसरी टीम

0 10

कोलकाता: आईपीएल 2026 के 65वें मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच ईडन गार्डन्स में हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जा रहा है। मैच में कोलकाता के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। प्लेऑफ की दौड़ के लिहाज से यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, लेकिन मैच शुरू होने से पहले सबसे ज्यादा चर्चा मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या की वापसी को लेकर रही।

हार्दिक पांड्या की वापसी के साथ ही मुंबई इंडियंस के नाम आईपीएल इतिहास का एक अनोखा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। दरअसल, लगातार तीन मुकाबलों में तीन अलग-अलग कप्तानों के साथ मैदान पर उतरने वाली मुंबई इंडियंस आईपीएल इतिहास की सिर्फ दूसरी टीम बन गई है। इससे पहले टीम की कमान सूर्यकुमार यादव और फिर जसप्रीत बुमराह संभाल चुके थे, जबकि अब हार्दिक पांड्या ने दोबारा कप्तानी की जिम्मेदारी संभाली है।

2013 के बाद पहली बार बना ऐसा रिकॉर्ड

आईपीएल इतिहास में इससे पहले केवल एक बार ऐसा देखने को मिला था। साल 2013 में पुणे वॉरियर्स इंडिया ने लगातार तीन मैचों में तीन अलग-अलग कप्तानों के साथ मैदान पर उतरकर यह रिकॉर्ड बनाया था। उस दौरान टीम की कप्तानी क्रमशः रॉस टेलर, एंजेलो मैथ्यूज और एरॉन फिंच ने संभाली थी। अब करीब 13 साल बाद मुंबई इंडियंस ने इस अनोखे रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

हार्दिक ने बताए टीम में दो बड़े बदलाव

टॉस के बाद हार्दिक पांड्या ने जानकारी दी कि मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव किए हैं। अफगानिस्तान के युवा स्पिनर अल्लाह गजनफर को भी टीम में मौका दिया गया है। कप्तान की वापसी से मुंबई इंडियंस का आत्मविश्वास बढ़ा हुआ नजर आ रहा है।

दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन

कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, रोवमैन पॉवेल, मनीष पांडे, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, अनुकूल रॉय, कार्तिक त्यागी, वरुण चक्रवर्ती, सौरभ दुबे।

मुंबई इंडियंस: रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या (कप्तान), विल जैक्स, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, रघु शर्मा।

इम्पैक्ट प्लेयर्स की सूची भी आई सामने

मुंबई इंडियंस की इम्पैक्ट प्लेयर सूची में शार्दुल ठाकुर, मयंक रावत, रॉबिन मिंज, कृष भगत और एएम गजनफर शामिल हैं। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की सूची में फिन एलन, वैभव अरोड़ा, रमनदीप सिंह, तेजस्वी दहिया और राहुल त्रिपाठी को जगह मिली है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.