नकली सांप से ‘चमत्कार’ और इमली के बीज लाखों में बेचने वाला ढोंगी बाबा गिरफ्तार, पूछताछ में खुले कई सनसनीखेज राज
महाराष्ट्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां खुद को तांत्रिक बताकर लोगों को गुमराह करने वाले एक स्वयंभू बाबा को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अशोक खरात उर्फ ‘कैप्टन’ पर महिलाओं के साथ दुष्कर्म समेत गंभीर आरोप लगे हैं। नासिक पुलिस की कार्रवाई के बाद अब इस पूरे मामले में लगातार नए-नए खुलासे हो रहे हैं, जिसने सभी को हैरान कर दिया है।
रिमोट से हिलते नकली सांप, ‘चमत्कार’ के नाम पर ठगी का खेल
जांच में सामने आया है कि अशोक खरात लोगों को भ्रमित करने के लिए तकनीक का सहारा लेता था। वह रिमोट कंट्रोल से चलने वाले नकली सांपों का इस्तेमाल करता था और उनकी हरकतों को ‘चमत्कार’ बताकर लोगों का विश्वास जीतता था। इतना ही नहीं, डर और प्रभाव बनाने के लिए वह बाघ की खाल और अन्य प्रतिबंधित वन्यजीव वस्तुएं भी दिखाता था, जिससे लोग उसके झांसे में आ जाते थे।
इमली के बीज को ‘मंतरित’ बताकर वसूले लाखों रुपये
पुलिस जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी बेहद सस्ते जंगली इमली के बीजों को पॉलिश कर उन्हें ‘मंतरित वस्तु’ बताता था। इन बीजों को वह लोगों की आर्थिक स्थिति के अनुसार 10 हजार से लेकर 1 लाख रुपये तक में बेचता था। इसके अलावा नकली पत्थर और रत्नों को चमत्कारी बताकर लोगों से भारी रकम वसूली जाती थी। आरोपी खुद में दैवी शक्तियां होने का दावा करता था और इसी आधार पर लोगों को ठगता था।
बड़ी हस्तियों से संबंध के दावे, उच्चस्तरीय जांच जारी
इस मामले में कुछ नामी हस्तियों के नाम जुड़ने के दावे भी सामने आए हैं, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है। एक महिला के तीन साल तक यौन उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार अशोक खरात को लेकर राज्य स्तर पर सख्ती दिखाई जा रही है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि डीजीपी के नेतृत्व में इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
आलीशान जीवनशैली और विदेश यात्राओं पर भी सवाल
जांच एजेंसियां आरोपी की संपत्ति और जीवनशैली की भी पड़ताल कर रही हैं। बताया जा रहा है कि अशोक खरात करीब 150 विदेश यात्राएं कर चुका है। हाल ही में दक्षिण कोरिया यात्रा की उसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई थीं, जिनमें वह बेहद आधुनिक अंदाज में नजर आ रहा है। अब यह जांच का विषय है कि इन महंगी यात्राओं के लिए पैसा कहां से आया।
छापेमारी के दौरान उसकी संपत्तियों से आपत्तिजनक वीडियो, हथियार और अघोरी अनुष्ठानों से जुड़े सबूत भी मिले हैं, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है।