LPG सिलेंडर के लिए देशभर में मारामारी, जमाखोरी पर सरकार का सख्त एक्शन; कई शहरों में हजारों सिलेंडर जब्त

0 32

नई दिल्ली: मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध का असर अब भारत में भी दिखाई देने लगा है। देश के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं। सरकार लगातार लोगों से घबराकर गैस बुकिंग न करने की अपील कर रही है, लेकिन इसके बावजूद कई शहरों में गैस एजेंसियों और गोदामों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग सुबह से लाइन में लगकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन कई लोगों को पूरे दिन इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।

जमाखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ देशभर में कार्रवाई

एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी और कालाबाजारी को लेकर सरकार सख्त हो गई है। कई राज्यों में पुलिस और प्रशासन ने मिलकर छापेमारी शुरू कर दी है। महंगे दामों पर सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कई लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है।

संकट के कारण कई होटल और रेस्टोरेंट्स गैस की कमी से जूझ रहे हैं। कई जगहों पर रेस्टोरेंट्स अब इंडक्शन, कोयले या चूल्हे का सहारा लेकर काम चला रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि आपदा के समय कालाबाजारी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।

भोपाल में बंद पड़ी एजेंसी से हजारों सिलेंडर बरामद

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। यहां एक बंद पड़ी गैस एजेंसी पर छापेमारी के दौरान पुलिस और प्रशासन ने 668 सिलेंडर बरामद किए। मौके से तीन ट्रकों में भरे सिलेंडर भी मिले।

इसके अलावा 1574 ऐसे सिलेंडर भी मिले जो रजिस्टर में दर्ज नहीं थे। आरोप है कि यह एजेंसी संकट के समय लोगों को महंगे दामों पर एलपीजी सिलेंडर बेच रही थी।

मुंबई में भी छापेमारी, कई सिलेंडर जब्त

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी प्रशासन ने एलपीजी की कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई की है। वर्ली इलाके में छापेमारी के दौरान घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान 5 किलो वाले 6 भरे हुए और 58 खाली सिलेंडर बरामद किए गए। आरोप है कि यहां अवैध तरीके से सिलेंडर भरकर बेचने का काम किया जा रहा था। एलपीजी की कमी के कारण मुंबई के कई बड़े रेस्टोरेंट्स को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा है, जबकि कुछ जगहों पर कोयले और लकड़ी के चूल्हों पर खाना बनाया जा रहा है।

यूपी में भी प्रशासन अलर्ट, गैस एजेंसी सील

उत्तर प्रदेश में भी एलपीजी संकट के बीच प्रशासन सतर्क हो गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद कई जिलों में जांच शुरू की गई है। मुरादाबाद में जिलापूर्ति अधिकारी ने एक गैस एजेंसी पर छापा मारा।

जांच में गैस बुकिंग और सिलेंडर डिलीवरी में गड़बड़ी सामने आने के बाद एजेंसी के गोदाम को सील कर दिया गया। वहीं नोएडा में भी लोगों को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ रहा है।

छत्तीसगढ़ में 102 जगह छापेमारी, 741 सिलेंडर जब्त

छत्तीसगढ़ में भी सरकार ने जमाखोरी के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया है। राज्य के अलग-अलग जिलों में 102 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान कुल 741 सिलेंडर जब्त किए गए।

रायपुर में सबसे ज्यादा 392 सिलेंडर बरामद हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि एलपीजी सिलेंडर की जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। ऑनलाइन बुकिंग के बाद भी कई जगह लोगों को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिसके कारण गैस गोदामों के बाहर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.