Flight Ticket Price Hike: 10-15% तक महंगे हो सकते हैं हवाई किराए, इंटरनेशनल ही नहीं घरेलू उड़ानों पर भी पड़ेगा असर

0 16

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब आम यात्रियों की जेब पर भी पड़ सकता है। पश्चिम एशिया में जारी टकराव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिससे आने वाले दिनों में फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं।

दरअसल, ग्लोबल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतें बढ़ने से एविएशन टरबाइन फ्यूल (ATF) की लागत भी बढ़ती है। ATF एयरलाइन कंपनियों के ऑपरेशनल खर्च का बड़ा हिस्सा होता है, इसलिए इसका सीधा असर टिकट दरों पर पड़ता है।

10-15% तक बढ़ सकते हैं घरेलू किराए

मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रैवल प्लेटफॉर्म वंडरऑन के सीईओ गोविंद गौर ने कहा है कि अगर मौजूदा हालात जारी रहे और ईंधन महंगा होता रहा, तो घरेलू हवाई किराए में करीब 10-15% तक बढ़ोतरी हो सकती है।

उन्होंने यह भी संकेत दिए कि अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर फिलहाल ज्यादा दबाव है, क्योंकि कुछ एयरस्पेस बंद हैं और उड़ानों में बदलाव हो रहा है। वहीं दिल्ली-मुंबई, बेंगलुरु-दिल्ली और मुंबई-हैदराबाद जैसे हाई-डिमांड रूट्स पर भी किराए बढ़ने के शुरुआती संकेत दिख रहे हैं।

ब्रेंट क्रूड 80 डॉलर के करीब

28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा ईरान पर हमलों के बाद बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 72.48 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर लगभग 80 डॉलर तक पहुंच गई।

फेडरेशन ऑफ एविएशन इंडस्ट्री इन इंडिया की एविएशन कार्गो चेयरपर्सन डॉ. वंदना सिंह के अनुसार, ATF एयरलाइंस के ऑपरेशनल खर्च का लगभग 30-40% हिस्सा होता है और यह टिकट संरचना में करीब 45% तक योगदान देता है। ऐसे में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल एयरलाइन कंपनियों की लागत बढ़ा देता है।

इंटरनेशनल के साथ घरेलू उड़ानें भी प्रभावित

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी रहती हैं, तो एयरलाइंस लागत का कुछ हिस्सा यात्रियों पर डाल सकती हैं। इसका असर सिर्फ इंटरनेशनल फ्लाइट्स तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि घरेलू उड़ानों के किराए भी बढ़ सकते हैं।

समर सीजन की शुरुआत के साथ छुट्टियों की डिमांड बढ़ने वाली है। ऐसे में यात्रियों को पहले से ज्यादा महंगे टिकट बुक करने पड़ सकते हैं।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.