दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कोहरे का कहर, खड़े कैंटर से ट्रक की भीषण टक्कर; चालक की मौत, कई घायल

0 33

रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार रात घने कोहरे ने एक के बाद एक हादसों को जन्म दे दिया। आसलवास गांव के पास सड़क किनारे खड़े कैंटर से तेज रफ्तार ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई, जिसमें ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कोहरे में नहीं दिखा खड़ा कैंटर, ट्रक हुआ दुर्घटनाग्रस्त
पुलिस के अनुसार, कोटपूतली से भिवाड़ी की ओर जा रहा ट्रक सोमवार देर रात आसलवास गांव के समीप पहुंचा। घने कोहरे के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा कैंटर दिखाई नहीं दिया और ट्रक सीधे उसमें जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

ट्रक चालक की मौत, दो अन्य गंभीर घायल
इस हादसे में कोटपूतली निवासी करीब 42 वर्षीय ट्रक चालक जयपाल की मौत हो गई। वहीं ट्रक में लिफ्ट लेकर यात्रा कर रहा एक युवक और कैंटर चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रेस्क्यू के दौरान दूसरा हादसा, पुलिस जिप्सी से टकराई इनोवा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालने में जुट गई। इसी दौरान पीछे से आ रही एक इनोवा कार ने पुलिस की खड़ी जिप्सी को टक्कर मार दी। इस हादसे में इनोवा चालक और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस जिप्सी में नहीं था कोई जवान, टली बड़ी अनहोनी
गनीमत यह रही कि जिस समय इनोवा ने पुलिस जिप्सी को टक्कर मारी, उस वक्त वाहन में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शव मोर्चरी में, घायलों का इलाज जारी
मृतक ट्रक चालक के शव को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के शवगृह में रखवाया गया है। सभी घायलों का इलाज अलग-अलग अस्पतालों में जारी है। कसोला थाना पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

हादसे के बाद हाईवे पर लगा लंबा जाम
लगातार हुए हादसों के चलते दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.