गौतम बुद्ध नगर में पहली बार “आओ बचपन मनाएं” उत्सव, 300 से ज्यादा लोगों की भागीदारी से गूंजा पचायतन गांव

0 32

गौतम बुद्ध नगर के ग्रेटर नोएडा स्थित पचायतन गांव में बच्चों के बचपन और उनके शुरुआती सीखने को समर्पित “आओ बचपन मनाएं” प्रारंभिक शिक्षण उत्सव का आयोजन किया गया। इस खास आयोजन में 300 से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जिसमें बच्चे, अभिभावक, समुदाय के सदस्य, शिक्षक, प्रधानाचार्य, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल रहे।

विभिन्न वर्गों की रही सक्रिय भागीदारी
उत्सव में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं, सुपरवाइज़र, आईसीडीएस गौतम बुद्ध नगर के अधिकारियों के साथ बाल विकास परियोजना अधिकारी संध्या सोनी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और महत्वपूर्ण बना दिया। यह आयोजन LECIN द्वारा “बचपन मनाओ” पहल के तहत एकस्टेप फाउंडेशन के सहयोग से किया गया।

खेल-खेल में सीखने का अनोखा अनुभव
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों के स्वागत गोले और आकर्षक फ्लैश मोब से हुई, जिसने माहौल को उत्साह से भर दिया। इसके बाद पचायतन आंगनवाड़ी की कार्यकर्ता निर्मला ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन में विभिन्न शिक्षण और खेल गतिविधियों के लिए अलग-अलग कोने बनाए गए, जहां बच्चों और अभिभावकों ने मिलकर सीखने का अनुभव लिया।

इन गतिविधियों में पारंपरिक खिलौना निर्माण, मिट्टी से आकृतियां बनाना, कहानी पाठ, बच्चों द्वारा कहानी सुनाना, मुक्त खेल, शारीरिक और कल्पनात्मक खेल शामिल रहे। बच्चों ने अपनी पसंदीदा कहानी “बैंगनी जोजो” भी सुनाकर सबका मन मोह लिया।

सांस्कृतिक प्रस्तुति ने बढ़ाया उत्साह
उत्सव के दौरान एक खास पल तब देखने को मिला जब गांव के समुदाय के लोग पारंपरिक गीत, संगीत और वाद्ययंत्रों के साथ मंच पर पहुंचे और सामूहिक प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने पूरे आयोजन को उत्सवमय माहौल में बदल दिया।

बच्चों की सीखने की यात्रा का प्रदर्शन
कार्यक्रम में पचायतन आंगनवाड़ी के बच्चों के सीखने के पोर्टफोलियो भी प्रदर्शित किए गए। इसमें यह दिखाया गया कि बच्चे किस तरह खेल और गतिविधियों के माध्यम से संख्याएं, शब्द, पढ़ना और लिखना सीख रहे हैं।

जिले में पहली बार हुआ ऐसा आयोजन
गौरतलब है कि गौतम बुद्ध नगर में इस तरह का प्रारंभिक शिक्षण उत्सव पहली बार आयोजित किया गया, जिसमें समुदाय और शिक्षकों की इतनी बड़ी भागीदारी देखने को मिली।

आने वाले सत्र में नई पहल की तैयारी
LECIN वर्ष 2023 से पचायतन समेत कासना, खानपुर, सिरसा, लढ़पुरा और आज़मपुर गढ़ी के आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की स्कूल तैयारी पर काम कर रहा है। इसी कड़ी में आने वाले शैक्षणिक सत्र में पचायतन स्कूल में कक्षा-01 के लिए एक पायलट कार्यक्रम शुरू करने की योजना है, जिसका उद्देश्य बच्चों की बुनियाद मजबूत करना और शुरुआती शिक्षा में सकारात्मक बदलाव लाना है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.