पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का बजट पर हमला: कहा– ‘दिशाहीन, खोखला और आम जनता के लिए निराशाजनक’

0 71

रोहतक। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा रविवार को पेश किए गए केंद्रीय बजट पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तीखा हमला किया है। हुड्डा ने इसे दिशाहीन और खोखला बताते हुए कहा कि यह बजट किसी भी वर्ग के लिए फायदेमंद नहीं है और आम जनता को इससे भारी निराशा हाथ लगी है।

बजट में कटौती और जनता की उम्मीदों पर पानी
हुड्डा ने कहा कि बजट के कुल आंकड़ों को देखें तो कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के लिए आवंटन आधा कर दिया गया है और वास्तविक रूप से कई जगहों पर कटौती की गई है। उनका कहना है कि यह बजट देश के विकास की दिशा में आगे बढ़ने की बजाय जनता की उम्मीदों पर पानी फेरने वाला है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि क्षेत्र में कोई ठोस योजना नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए बजट में कोई ठोस योजना नहीं है। किसानों और कृषि क्षेत्र के लिए भी कोई बड़ी राहत का प्रावधान नहीं किया गया, जिससे ग्रामीण इलाकों में निराशा बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा को बार-बार नजरअंदाज किया जा रहा है और इस बार भी बजट में राज्य के लिए कोई विशेष पैकेज या परियोजना की घोषणा नहीं की गई।

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा का आरोप: हरियाणा के साथ सौतेला व्यवहार
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बजट में हरियाणा का नाम तक नहीं आया। उन्होंने बताया कि राज्य देश में सबसे ज्यादा जीएसटी दे रहा है और नेशनल हाईवे के टोल कलेक्शन में भी अग्रणी है, लेकिन केंद्र सरकार ने बजट में कुछ भी आवंटित नहीं किया।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, “जब लेने की बारी आती है तो दोनों हाथ से लेते हैं, लेकिन देने की बारी आती है तो एक चुटकी भी नहीं। ना एयरपोर्ट, ना मेट्रो, ना रेल, ना खेल, ना पढ़ाई, ना दवाई – कहीं बजट में हरियाणा का जिक्र क्यों नहीं है? केंद्र की भाजपा सरकार हरियाणा के साथ सौतेला व्यवहार क्यों कर रही है?”

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.