Friday Releases: जनवरी के आखिरी शुक्रवार को मचेगा धमाल, OTT से लेकर थिएटर्स तक रिलीज हो रहीं 8 बड़ी फिल्में और सीरीज

0 362

मुंबई: दिसंबर 2025 और जनवरी 2026 की शुरुआत सिनेमा प्रेमियों के लिए बेहद धमाकेदार रही है। जहां बीते साल के अंत में सिनेमाघरों में ‘धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर तूफान मचाया, वहीं नए साल की शुरुआत ‘बॉर्डर 2’ के साथ देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। थिएटर्स के साथ-साथ ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी लगातार नई फिल्मों और वेब सीरीज की लाइन लगी रही।

अब जनवरी का आखिरी शुक्रवार आते-आते एंटरटेनमेंट का यह सिलसिला और भी तेज हो गया है। 30 जनवरी को ऐसा कंटेंट रिलीज हो रहा है, जिसने दर्शकों के पूरे वीकेंड की प्लानिंग पहले ही सेट कर दी है। एक तरफ जहां बड़ी फिल्में थिएटर्स में दस्तक दे रही हैं, तो वहीं ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी थ्रिलर, हॉरर, रोमांस और डॉक्यूमेंट्री का जबरदस्त कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। आइए जानते हैं 30 जनवरी को रिलीज हो रहीं उन 8 फिल्मों और सीरीज के बारे में, जिन पर सबकी नजरें टिकी हैं।

धुरंधर (Dhurandhar)
साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ ने डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक बॉक्स ऑफिस पर अपना दबदबा बनाए रखा। ‘बॉर्डर 2’ की रिलीज के बाद भले ही फिल्म की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई हो, लेकिन इसका क्रेज अब भी बरकरार है। दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार करने वाली यह स्पाई थ्रिलर अब ओटीटी पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म में रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, आर माधवन, सारा अर्जुन और संजय दत्त अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स
जॉनर- स्पाई थ्रिलर

देवखेल (Devkhel)
कोंकण के सुदूर गांव देवतली की पृष्ठभूमि पर बनी मराठी फिल्म ‘देवखेल’ एक साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर है, जो रहस्य और आस्था के टकराव को दिखाती है। कहानी इंस्पेक्टर विश्वास सरंजामे के इर्द-गिर्द घूमती है, जो होली के दौरान हुई एक रहस्यमयी मौत की जांच करता है। जहां इंस्पेक्टर इसे सोची-समझी साजिश मानता है, वहीं गांव वालों का विश्वास है कि यह भगवान का न्याय है।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- जी5 (ZEE5)
जॉनर- साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर

दलदल (Daldal)
‘भक्षक’ और ‘द रॉयल्स’ के बाद भूमि पेडनेकर एक बार फिर गंभीर और चुनौतीपूर्ण किरदार में नजर आने वाली हैं। सात एपिसोड की इस वेब सीरीज में भूमि मुंबई क्राइम ब्रांच की नई डीसीपी रीटा फरेरा की भूमिका निभा रही हैं। कहानी एक ऐसे सीरियल किलर के इर्द-गिर्द घूमती है, जो सिर्फ पुरुषों को निशाना बनाता है। यह सीरीज विश धमीजा के चर्चित नॉवेल ‘भेंडी बाजार’ से प्रेरित है।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- अमेजन प्राइम वीडियो
जॉनर- साइकोलॉजिकल क्राइम थ्रिलर

सर्वम माया (Sarvam Maya)
मलयालम भाषा में बनी सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी फिल्म ‘सर्वम माया’ की कहानी एक नास्तिक म्यूजिशियन प्रभेंदु के जीवन पर आधारित है, जो एक पंडित परिवार से ताल्लुक रखता है। उसकी जिंदगी तब पूरी तरह बदल जाती है, जब वह पारिवारिक बिजनेस जॉइन करता है और एक ऐसी आत्मा से सामना होता है, जिसकी याददाश्त जा चुकी है। डर और हास्य का यह अनोखा मेल दर्शकों को अलग अनुभव देने वाला है।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- जियो हॉटस्टार
जॉनर- सुपरनैचुरल हॉरर कॉमेडी

मिरेकल: द बॉयज ऑफ ‘80 (Miracle: The Boys of ’80)
‘मिरेकल: द बॉयज ऑफ ’80’ एक स्पोर्ट्स डॉक्यूमेंट्री है, जो 1980 के विंटर ओलंपिक्स में अमेरिकी हॉकी टीम की ऐतिहासिक जीत की कहानी कहती है। इसमें ‘मिरेकल ऑन आइस’ के ओरिजिनल फुटेज के साथ-साथ 16 मिमी के दुर्लभ आर्काइवल शॉट्स और सोवियत संघ को हराने वाली टीम के सदस्यों के एक्सक्लूसिव इंटरव्यू शामिल हैं।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स
जॉनर- स्पोर्ट्स ड्रामा

ब्रिजर्टन सीजन 4 (Bridgerton Season 4)
पॉपुलर वेब सीरीज ‘ब्रिजर्टन’ का चौथा सीजन दर्शकों के लिए रिलीज कर दिया गया है। इस सीजन में बेनेडिक्ट ब्रिजर्टन और सोफी बेक की प्रेम कहानी को केंद्र में रखा गया है। कहानी जूलिया क्विन के नॉवेल ‘एन ऑफर फ्रॉम अ जेंटलमैन’ से प्रेरित है। खास बात यह है कि यह सीजन हिंदी, तमिल और तेलुगु में भी डब होकर उपलब्ध है।
रिलीज डेट- 29 जनवरी
प्लेटफॉर्म- नेटफ्लिक्स
जॉनर- रोमांटिक ड्रामा

गांधी टॉक्स (Gandhi Talks)
विजय सेतुपति, अरविंद स्वामी, अदिति राव हैदरी और सिद्धार्थ जाधव स्टारर फिल्म ‘गांधी टॉक्स’ 30 जनवरी को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है। यह फिल्म लालच, भ्रष्टाचार और एक आम आदमी के संघर्ष को अनोखे अंदाज में पेश करती है। खास बात यह है कि यह एक साइलेंट फिल्म है, जिसे हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और मराठी भाषाओं में रिलीज किया जा रहा है।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- थिएटर्स
जॉनर- साइलेंट ब्लैक कॉमेडी ड्रामा

मर्दानी 3 (Mardaani 3)
रानी मुखर्जी एक बार फिर आईपीएस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में बड़े पर्दे पर लौट रही हैं। ‘मर्दानी 3’ में वह एक बेहद संवेदनशील और गंभीर मुद्दे—बाल तस्करी—की काली सच्चाई को उजागर करती नजर आएंगी। दमदार एक्शन और मजबूत सोशल मैसेज के साथ यह फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों को झकझोरने के लिए तैयार है।
रिलीज डेट- 30 जनवरी
प्लेटफॉर्म- थिएटर्स
जॉनर- कॉप थ्रिलर

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.