पीएम सूर्य घर योजना को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन की बड़ी अपील, किसानों और व्यापारियों से छतों पर सोलर पैनल लगाने का आह्वान
गौतमबुद्धनगर: केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी “पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना” को जन-जन तक पहुंचाने के लिए गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने किसानों, आम नागरिकों और खाद-बीज विक्रेताओं से आगे आकर योजना का लाभ लेने की अपील की है। जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य लोगों को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाने के साथ-साथ ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना है।
जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि योजना के तहत घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित करने पर उपभोक्ताओं को हर महीने 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। इसके अलावा यदि सोलर सिस्टम से जरूरत से ज्यादा बिजली का उत्पादन होता है तो उपभोक्ता अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा 1 किलोवाट से लेकर 3 किलोवाट और उससे अधिक क्षमता वाले सोलर सिस्टम पर भारी सब्सिडी दी जा रही है। यह अनुदान सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजा जा रहा है। वहीं, सोलर पैनल लगवाने के लिए बैंकों की ओर से कम ब्याज दर पर आसान ऋण सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
खाद-बीज विक्रेताओं को विशेष जिम्मेदारी निभाने की अपील
प्रशासन ने जनपद के खाद-बीज और उर्वरक विक्रेताओं से भी योजना में सक्रिय भागीदारी की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि अधिकांश दुकानों और गोदामों की छतें बड़ी होती हैं, ऐसे में व्यापारी अपने प्रतिष्ठानों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली खर्च को पूरी तरह खत्म कर सकते हैं। साथ ही दुकान पर आने वाले किसानों को योजना की जानकारी देकर उन्हें भी जागरूक बना सकते हैं।
किसानों को मिलेगा बिजली खर्च से राहत का फायदा
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसान अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर घरेलू बिजली बिल से राहत पा सकते हैं। इससे उनकी आर्थिक बचत बढ़ेगी और खेती-किसानी के खर्च को कम करने में भी मदद मिलेगी। प्रशासन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना का व्यापक लाभ किसानों को सीधे तौर पर मिलेगा।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बेहद आसान
योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। इच्छुक लाभार्थी आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने राज्य और विद्युत वितरण कंपनी का चयन कर सकते हैं। इसके बाद उपभोक्ता संख्या दर्ज कर आवश्यक जानकारी भरते हुए आवेदन पूरा किया जा सकता है।
प्रशासन ने लोगों से की ‘हर घर सोलर’ अभियान से जुड़ने की अपील
जिला कृषि अधिकारी विवेक दुबे ने जनपद के सभी नागरिकों और किसानों से “हर घर सोलर” अभियान का हिस्सा बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह योजना न केवल बिजली बिल कम करने में मदद करेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगी।
योजना से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी एवं परियोजना अधिकारी यूपी नेडा गौतमबुद्धनगर या सह नोडल अधिकारी पीएम सूर्य घर योजना एवं जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आशीष कुमार से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा नजदीकी विकास खंड कार्यालय और विद्युत विभाग से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।