Mukhtar Ansari son Arrested: माफिया मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी को गाजीपुर पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में रविवार को गिरफ्तार किया है। गाजीपुर पुलिस उमर अंसारी को लेकर लखनऊ के लिए रवाना हो गई है। इस मामले में पुलिस आज यानी सोमवार को अधिकृत जानकारी देगी। दावा किया जा रहा है कि उमर अंसारी से पूछताछ के बाद कुछ नए खुलासे किए जा सकते हैं। उमर की गिरफ्तारी क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
दोनों बेटे पुलिस गिरफ्त में
दरअसल मुख्तार अंसारी का नाम उत्तर प्रदेश की आपराधिक राजनीति में पिछले कई दशकों से चलता आ रहा है। मुख्तार अंसारी का बड़ा बेटा अब्बास अंसारी कई मामलों को लेकर पहले से ही अभियुक्त है। अब्बास के बाद अब अब छोटे बेटे की गिरफ्तारी भी माफिया परिवार के खिलाफ काफी महत्वपूर्ण एक्शन माना जा रहा है।
मां के दस्तखत कॉपी करने का आरोप
जानकारी सामने आई है कि उमर पर अपनी मां अफशां अंसारी के फर्जी हस्ताक्षर कर गाजीपुर जिला अदालत में याचिका दायर करने का आरोप है। अफशां के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है और 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। बताया जा रहा है कि उमर अंसारी ने पिता के नाम की कुर्क संपत्ति को छुड़वाने के लिए कोर्ट में दाखिल याचिका में अपनी मां अफशां अंसारी का दस्तखत किया है और इसी मामले में गाजीपुर के मुहम्मदाबाद थाने में उमर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
आपको बता दें कि उत्तर प्रदेश के बांदा जेल में बंद माफिया मुख्तार अंसारी की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने जेल के प्रशासन पर ‘धीमा जहर’ देने का गंभीर आरोप लगाया था। हालांकि तब भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हार्ट अटैक से मौत की पुष्टि हो गई थी। मुख्तार अंसारी के छोटे भाई और गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी ने जहर देने का दावा किया था। मौत से पहले मुख्तार अंसारी ने भी बाराबंकी कोर्ट में अर्जी दाखिल की थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि जेल में परोसे जा रहे खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया जा रहा है।