Oppo Find N6 का ग्लोबल लॉन्च 17 मार्च को, 200MP कैमरा और AI पेन सपोर्ट के साथ आएगा नया फोल्डेबल फोन

0 23

नई दिल्ली। फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ओप्पो जल्द ही अपना नया फ्लैगशिप डिवाइस Oppo Find N6 लॉन्च करने जा रहा है। कंपनी ने घोषणा की है कि उसका नया बुक-स्टाइल फोल्डेबल स्मार्टफोन मार्च के तीसरे सप्ताह में वैश्विक बाजार में पेश किया जाएगा। सोशल मीडिया पर साझा किए गए टीज़र वीडियो के जरिए कंपनी ने इस डिवाइस के डिजाइन और कुछ अहम फीचर्स की झलक भी दिखाई है।

कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारी के अनुसार Oppo Find N6 को 17 मार्च को चीन में लॉन्च किया जाएगा। इसे ग्लोबल लॉन्च इवेंट के रूप में पेश किया जाएगा। टीज़र में फोन का बुक-जैसा फोल्डेबल डिजाइन दिखाया गया है, जो पिछले साल आए Find N5 से मिलता-जुलता नजर आता है।

तीन रंगों और तीन स्टोरेज वेरिएंट में मिलेगा फोन

Oppo Find N6 को तीन अलग-अलग रंगों में पेश किया जाएगा, जिनमें गोल्डन ऑरेंज, ओरिजिनल टाइटेनियम और डीप ब्लैक शामिल हैं। वहीं स्टोरेज विकल्पों की बात करें तो यह स्मार्टफोन 12GB रैम + 256GB स्टोरेज, 16GB रैम + 512GB स्टोरेज और 16GB रैम + 1TB स्टोरेज वेरिएंट में उपलब्ध हो सकता है।

200 मेगापिक्सल कैमरा और Hasselblad की साझेदारी

टीज़र वीडियो से यह भी संकेत मिला है कि फोन में गोलाकार कैमरा मॉड्यूल दिया जाएगा, जिसमें 200 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा मौजूद होगा। इस कैमरा सिस्टम को Hasselblad के साथ साझेदारी में विकसित किया गया है। हालांकि बाकी कैमरा सेंसर और लेंस के बारे में अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

कम क्रीज वाली फोल्डेबल स्क्रीन और AI स्टाइलस सपोर्ट

टीज़र में फोन को खुली अवस्था में दिखाया गया है, जिसमें अंदरूनी डिस्प्ले पर बेहद हल्की क्रीज दिखाई देती है। कंपनी का दावा है कि इस नए मॉडल में स्क्रीन की क्रीज को काफी कम किया गया है। इसके अलावा Oppo Find N6 में एआई स्टाइलस सपोर्ट भी दिया जाएगा, जिससे यूजर्स नोट्स लेने, स्केच बनाने और अन्य प्रोडक्टिविटी कार्य आसानी से कर सकेंगे।

भारत लॉन्च को लेकर अभी स्पष्टता नहीं

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि Oppo Find N6 को भारत में लॉन्च किया जाएगा या नहीं। हालांकि इससे पहले कंपनी के Find N3 मॉडल को सिस्टर ब्रांड OnePlus ने OnePlus Open के नाम से रीब्रांड कर बाजार में उतारा था। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आने वाले समय में Oppo Find N6 के साथ भी इसी तरह की रणनीति अपनाई जा सकती है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.