गोवा अग्निकांड: 25 मौतों के जिम्मेदार लूथरा ब्रदर्स कल थाईलैंड से लौटेंगे भारत, गोवा पुलिस कस्टडी में लेगी
पणजी: गोवा के अरपोरा स्थित नाइट क्लब में हुए भीषण अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स की भागदौड़ अब खत्म होने वाली है। हादसे के तुरंत बाद देश छोड़कर थाईलैंड भाग निकले दोनों भाइयों को कल सुबह दिल्ली एयरपोर्ट लाया जाएगा। गोवा पुलिस की टीम उन्हें एयरपोर्ट पर ही हिरासत में लेने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस उन्हें कस्टडी में लेकर कल ही दिल्ली की अदालत में पेश करेगी, जहां से उनकी ट्रांजिट रिमांड मांगकर उन्हें आगे की कानूनी और पूछताछ की कार्रवाई के लिए गोवा ले जाया जाएगा।
जांच में इन दोनों भाइयों की संवेदनहीनता और शातिर योजना का खुलासा हुआ है। 6 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:45 बजे जब क्लब में आग लगी थी और फायर ब्रिगेड की टीमें लोगों की जान बचाने और आग बुझाने में जुटी थीं, ठीक उसी वक्त लूथरा बंधु फरार होने की साजिश रच रहे थे। जांच में सामने आया है कि उन्होंने 7 दिसंबर की तड़के 1:17 बजे ‘मेक माई ट्रिप’ ऐप के जरिए फुकेत (थाईलैंड) के लिए टिकट बुक किए। इसके बाद वे सुबह 3 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचे और सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट (6E-1073) से थाईलैंड के लिए उड़ गए। आग लगने के महज 6 से 8 घंटे के भीतर वे देश से बाहर निकल चुके थे।
सूत्रों के मुताबिक, अग्निकांड से महज चार दिन पहले ही दोनों भाई अपने परिवार के साथ दुबई से लौटे थे। इनमें से एक भाई के पास ब्रिटेन का दीर्घकालिक वीजा भी था, लेकिन दोनों ने एक साथ थाईलैंड भागने का फैसला किया। गौरतलब है कि 6 दिसंबर की रात उत्तर गोवा के अरपोरा गांव स्थित ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ (Birch by Romeo Lane) नाइटक्लब में एक बॉलीवुड थीम पार्टी के दौरान भीषण आग लग गई थी। इस दिल दहला देने वाले हादसे में 25 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और करीब 50 लोग घायल हुए थे। उस वक्त क्लब में सैकड़ों लोग मौजूद थे, जिनकी जान आफत में पड़ गई थी।