अगर आप आने वाले दिनों में ट्रेन से यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। गोरखपुर स्टेशन पर पुनर्विकास कार्य के चलते 30 अप्रैल से 9 मई तक कई ट्रेनों को रद्द और आंशिक रूप से निरस्त किया गया है। ऐसे में बिना जानकारी के सफर करने पर यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पुनर्विकास कार्य के कारण लिया गया फैसला
रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर पैदल उपरिगामी पुल (फुट ओवरब्रिज) के निर्माण के लिए ब्लॉक लिया है। इसी कारण गोंडा रूट से गुजरने वाली कई ट्रेनों को अस्थायी रूप से रद्द या आंशिक रूप से संचालित किया जाएगा। इस अवधि में गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी सहित कई महत्वपूर्ण ट्रेनें प्रभावित रहेंगी।
पूरी तरह निरस्त रहेंगी ये ट्रेनें
29 अप्रैल से 8 मई तक चलने वाली 15031/15032 गोरखपुर-लखनऊ जंक्शन-गोरखपुर एक्सप्रेस पूरी तरह रद्द रहेगी।
इसके अलावा 30 अप्रैल से 9 मई तक 05131/05132 गोरखपुर-बहराइच-गोरखपुर स्पेशल ट्रेन और 55031/55032 गोरखपुर-गोंडा-गोरखपुर सवारी गाड़ी भी निरस्त कर दी गई हैं।
आंशिक रूप से प्रभावित ट्रेनें
ऐशबाग-गोरखपुर एक्सप्रेस (15070) 29 अप्रैल से 9 मई तक गोरखपुर के बजाय नकहा जंगल स्टेशन पर ही यात्रा समाप्त करेगी। इसी तरह 15069 गोरखपुर-ऐशबाग एक्सप्रेस 30 अप्रैल से 10 मई तक नकहा जंगल से ही चलाई जाएगी।
लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस (11081) 6 मई को गोरखपुर के बजाय भटनी तक ही जाएगी, जबकि गोमतीनगर-गोरखपुर एक्सप्रेस (15082) 30 अप्रैल से 9 मई तक आनंदनगर पर यात्रा समाप्त करेगी।
रूट बदलकर चलेंगी ये ट्रेनें
गोरखपुर-गोमतीनगर एक्सप्रेस (15081) 30 अप्रैल से 9 मई तक गोरखपुर के बजाय आनंदनगर स्टेशन से संचालित होगी। वहीं, बांद्रा टर्मिनस-गोरखपुर एक्सप्रेस (19091) 4 मई को गोरखपुर कैंट तक ही जाएगी और 19092 गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस 5 मई को गोरखपुर कैंट से ही चलाई जाएगी।
हैदराबाद-गोरखपुर स्पेशल (07075) 1 मई को बस्ती तक ही जाएगी, जबकि 07076 गोरखपुर-हैदराबाद स्पेशल 3 मई को बस्ती से चलाई जाएगी। इसी तरह अमृतसर-गोरखपुर एक्सप्रेस (22424) 4 मई को बस्ती तक ही सीमित रहेगी और 22423 गोरखपुर-अमृतसर एक्सप्रेस 3 मई को बस्ती से चलाई जाएगी।
रेलवे ने दी यात्रियों को सलाह
पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार के मुताबिक, यह बदलाव अस्थायी है और निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने में बेहतर सुविधा मिलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।