केंद्रीय कर्मचारियों को महंगाई भत्ते में 4% बढ़ोतरी कर सकती है सरकार

0 336

नई दिल्ली: कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के महंगाई भत्ते में केंद्र सरकार चार फीसदी की बढ़ोतरी कर सकती है। सरकार के इस फैसले का फायदा करीब एक करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों को मिलेगा।

बता दें कि अभी केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 38 फीसदी है, जिसे चार फीसदी बढ़ाकर 42 फीसदी किया जा सकता है। इस बढोतरी के लिए एक फार्मूले पर सहमति बनी है। बता दें कि कर्मचारियों के महंगाई भत्ते की गणना हर महीने श्रम ब्यूरो द्वारा की जाती है, जो कि श्रम मंत्रालय का अंग है।

औद्योगिक श्रमिकों के लिए उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई-आईडब्ल्यू) के आधार पर कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए महंगाई भत्ते की गणना की जाती है। दिसंबर 2022 के लिए 31 जनवरी 2023 को उपभोक्ता मूल्य सूचकांक जारी किया गया है। इस सूचकांक के अनुसार, महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी 4.23 फीसदी बैठती है। ऐसे में माना जा रहा है कि केंद्रीय कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में चार प्रतिशत की बढ़ोतरी हो सकती है।

बता दें कि प्रक्रिया के तहत वित्त मंत्रालय का व्यय विभाग डीए में वृद्धि का प्रस्ताव तैयार करेगा, जिसमें इसके राजस्व पर पड़ने वाले असर के बारे में भी बताया जाएगा। बाद में इस प्रस्ताव को केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा, जहां से मंजूरी के बाद डीए में 4 प्रतिशत की बढ़ोतरी लागू हो जाएगी। यह बढ़ोतरी एक जनवरी 2023 से लागू हो सकती है।

इससे पहले 28 सितंबर 2022 में केंद्र सरकार ने कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी की थी। साल में दो बार महंगाई भत्ते की समीक्षा की जाती है। यह समीक्षा जनवरी और जुलाई में होती है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.