नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माए गए गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। केवीएन प्रोडक्शन्स की अपकमिंग कन्नड़ पैन इंडिया फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का यह गाना अब सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय तक पहुंच गया है। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने गाने पर आपत्ति जताई और इसके खिलाफ लिखित शिकायत सीबीएफसी को भेजी, जिसके बाद सरकार ने निर्देश दिए हैं कि इसे सभी सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाया जाए।
AICWA ने जताई नाराजगी
ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीबीएफसी को पत्र लिखकर गाने पर आपत्ति जताई। संघ का आरोप है कि यह गाना अश्लीलता और डबल मीनिंग को बढ़ावा देता है और कम उम्र के दर्शकों के लिए हानिकारक है। AICWA ने सभी प्लेटफॉर्म्स से गाने को हटाने और निर्माताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
सीबीएफसी को लिखा गया पत्र
AICWA ने अपने पत्र में गाने को ‘गंभीर जन चिंता’ का विषय बताते हुए कहा कि इसके बोल और दृश्य देश में व्यापक विरोध पैदा कर रहे हैं। संघ ने इसे अलार्मिंग ट्रेंड करार दिया और कहा कि इस तरह के कंटेंट केवल विवाद पैदा करने और सुर्खियां बटोरने के लिए बनाए जा रहे हैं, जो भारतीय सिनेमा के मानकों के अनुरूप नहीं हैं।
‘सरके चुनर तेरी सरके’ का परिचय
यह गाना कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का हिस्सा है, जिसमें ध्रुव सरजा लीड रोल में हैं। इसके अलावा संजय दत्त, शिल्पा शेट्टी, रमेश अरविंद, वी रविचंद्रन, रेशमा नानाइया और जिस्सू सेनगुप्ता भी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म प्रेम द्वारा निर्देशित है और केवीएन प्रोडक्शन्स द्वारा निर्मित, जिन्होंने थलापति विजय की ‘जना नायकन’ और यश की ‘टॉक्सिक: ए फेयरीटेल फॉर ग्रोनअप्स’ जैसी फिल्में बनाई हैं।