अनंत अंबानी के 31वें जन्मदिन पर जामनगर में दो दिन तक चला भव्य जश्न, राधिका मर्चेंट ने सरप्राइज से बनाया हर पल यादगार
जामनगर में बीते दिन उद्योगपति परिवार के सदस्य अनंत अंबानी का 31वां जन्मदिन बेहद खास अंदाज में मनाया गया। इस मौके पर पूरा अंबानी परिवार मौजूद रहा और साथ ही बॉलीवुड के कई बड़े सितारों ने भी अपनी मौजूदगी से इस जश्न को और भव्य बना दिया। दो दिनों तक चले इस सेलिब्रेशन की शुरुआत बुधवार को सूफी नाइट से हुई, जबकि गुरुवार को सामाजिक गतिविधियों और ग्रैंड पार्टी के साथ समारोह अपने चरम पर पहुंचा। इस बीच अब एक खास वीडियो सामने आया है, जिसमें अनंत और राधिका मर्चेंट के बीच की केमिस्ट्री ने सभी का ध्यान खींच लिया है।
राधिका मर्चेंट ने सरप्राइज प्लान कर बनाया यादगार पल
वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि राधिका मर्चेंट ने अनंत अंबानी के लिए बेहद खास सरप्राइज तैयार किया था। पूरे वेन्यू को फूलों से सजाया गया था और एंट्री गेट पर फूलों की सजावट ने माहौल को बेहद आकर्षक बना दिया। जैसे ही अनंत अंदर पहुंचे, उन पर फूलों की बारिश की गई। सामने खड़ी राधिका ने उन्हें गले लगाया और प्यार से किस किया। यह खास पल न सिर्फ अनंत के लिए यादगार बना, बल्कि सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो गया। वीडियो देखने के बाद फैंस दोनों के रिश्ते की गहराई और सादगी की तारीफ कर रहे हैं।
सरप्राइज देखकर भावुक हुए अनंत, खुशी छिपा नहीं पाए
बताया जा रहा है कि इस पूरे सरप्राइज प्लान में अनंत के स्टाफ ने भी राधिका का पूरा साथ दिया। अनंत को इस आयोजन की पहले से कोई जानकारी नहीं थी। जैसे ही उन्होंने अंदर आकर राधिका को देखा, उनकी खुशी साफ झलकने लगी। वह उत्साहित होकर उन्हें बुलाने लगे, वहीं राधिका भी इस पल को लेकर काफी खुश नजर आईं। एक अन्य वीडियो में दोनों को साथ में हंसते और खुशियां साझा करते हुए भी देखा जा सकता है।
जश्न में सितारों की मौजूदगी ने बढ़ाई रौनक
इस खास मौके पर अनंत अंबानी ब्लैक टी-शर्ट और लोवर में नजर आए, जबकि राधिका मर्चेंट ऑरेंज रंग के सिंपल सूट में दिखीं। बैकग्राउंड में शेर और हाथी की थीम वाली सजावट ने आयोजन को और खास बना दिया। इस ग्रैंड सेलिब्रेशन में बॉलीवुड के कई बड़े नाम शामिल हुए, जिनमें शाहरुख खान, रणवीर सिंह, अनन्या पांडे, सलमान खान, संजय दत्त, कृति सेनन, अगस्त्य नंदा, दिया मिर्जा और रितेश देशमुख जैसे सितारे शामिल रहे। इस भव्य समारोह के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।