अयोध्या राम मंदिर में फिर भव्य आयोजन, रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 2 वर्ष होने पर आज से मंडल पूजा

0 7,784

Ayodhya Ram Mandir Pooja: राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर आज से रामलला की मंडल पूजा शुरू होगी। पांच दिवसीय पूजा का नेतृत्व श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य और उडुप्पी स्थित पेजावर मठ के पीठाधीश्वर स्वामी विश्वप्रसन्न तीर्थ करने वाले हैं। पूजा रामजन्मभूमि परिसर स्थित यज्ञशाला में होगी। प्रतिष्ठा द्वादशी के रूप में मनाई जाने वाली वर्षगांठ के अन्य आयोजन 29 दिसंबर से 2 जनवरी तक चलेंगे।

ट्रस्ट ने कार्यक्रमों को रामजन्मभूमि परिसर से सटे अंगद टीला पर कराने का निर्णय लिया है। श्रद्धालु सुग्रीव पथ से अंगद टीला जा सकेंगे। रामपथ स्थित श्रीराम चिकित्सालय के बगल से गुजरने वाले इस पथ का जिला प्रशासन ने नामकरण कर दिया है।

दक्षिण भारत के आचार्य संपन्न कराएंगे पूजा
ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय ने बताया कि मंडल पूजा के अंतर्गत सायंकाल पालकी यात्रा भी निकलेगी। मंडल पूजा में भगवान श्रीराम और उनके पंचायतन में सम्मिलित सभी देवों व उनके परिकरों की विधिवत पूजा की जाएगी। इसे दक्षिण भारत के कई आचार्य एवं वैदिक विद्वान संपन्न कराएंगे। रोज 2 बार पूजा होगी। मंडल पूजन करने वाले आचार्य सात्विक भोजन करते और रुद्राक्ष या तुलसी की माला धारण करते हैं। उन्होंने रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के समय भी मंडल पूजा की थी। आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू भी 28 दिसंबर को अयोध्या आ रहे। उनके दर्शन-पूजन का कार्यक्रम नियत है, लेकिन मुख्यमंत्री के मंडल पूजा में भी शामिल होने की संभावना जताई जा रही।

सोमवार से रामकथा व सांस्कृतिक आयोजन शुरू होंगे
सोमवार से अंगद टीला पर मानस पाठ, रामकथा व सांस्कृतिक आयोजन शुरू होंगे। 2 जनवरी तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक श्रीश्री मां आनंदमयी मानस परिवार की ओर से मानस पाठ और दोपहर ढाई बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामदिनेशाचार्य की रामकथा का आयोजन होगा। 29 और 30 दिसंबर को गुरु घासीदास विवि छत्तीसगढ़ द्वारा शाम साढ़े पांच बजे से सात बजे तक रामलीला का मंचन किया जाएगा। 31 दिसंबर से 2 जनवरी तक शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक गायक सुरेश वाडेकर, अनूप जलोटा व तृप्ति शाक्या द्वारा भजनों की प्रस्तुति कर राम का गुणगान किया जाएगा। महासचिव चंपतराय के अनुसार सभी गायक एवं मंडली बिना पारिश्रमिक के सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे।

31 को मनेगी प्रतिष्ठा द्वादशी
31 दिसंबर को प्रतिष्ठा द्वादशी का मुख्य आयोजन होगा। इस दिन रामलला का महाभिषेक और आरती होगी। मुख्य अतिथि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह होंगे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उपस्थित होंगे। ट्रस्ट ने प्रतिष्ठा द्वादशी के दिन ही रामजन्मभूमि परिसर के परकोटे की उत्तरी भुजा के मध्य पर निर्मित मां अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर धर्म ध्वजा का आरोहण कराने का निर्णय किया है। राम मंदिर के व्यवस्थापक गोपाल राव के अनुसार रक्षा मंत्री ध्वजारोहण करेंगे। 6 अन्य पूरक मंदिरों के शिखर पर ध्वजारोहण का निर्णय नहीं हुआ है। ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र ने बताया कि अन्य मंदिरों के ध्वजारोहण बाद में होगा।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.