आज शनिवार 14 फरवरी 2026 को नोएडा के सेक्टर-30 स्थित डी ब्लॉक पार्क में एक भव्य हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करना, सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और राष्ट्र निर्माण की भावना को सुदृढ़ करना बताया गया।
प्रबुद्धजन, युवा और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े प्रबुद्धजन, युवाओं तथा मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आयोजन के दौरान भारतीय संस्कृति के संरक्षण, सामाजिक एकता और सेवा कार्यों के विस्तार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

संघ प्रचारक ने संगठन की ताकत पर दिया संदेश
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक रूपेश कुमार ने कहा कि जब समाज जातिगत सीमाओं से ऊपर उठकर एकजुट होगा, तभी संगठित होकर राष्ट्र की सेवा संभव होगी। उन्होंने बताया कि संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में 80 हजार से अधिक हिन्दू सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा भी मौजूद रहे।
साध्वी प्रज्ञा का आह्वान—समाज की सुरक्षा और एकता जरूरी
मुख्य अतिथि साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज को सुरक्षित और संगठित बनाना है ताकि विघटनकारी शक्तियों के जातिगत विभाजन के प्रयास सफल न हो सकें। उन्होंने मातृशक्ति से अपील की कि बेटियों के पालन-पोषण के साथ उन्हें नारी सशक्तिकरण के अवसर भी प्रदान किए जाएं।

जनसंख्या नीति पर उठी मांग
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चव्हाणके ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि देश के नौ राज्यों में हिन्दू समुदाय का अल्पसंख्यक स्थिति में पहुंचना चिंता का विषय है। उन्होंने भारत में जनसंख्या नीति लागू करने और बहुपत्नी प्रथा पर रोक लगाने की मांग भी रखी।
इनकी रही उपस्थिति
सम्मेलन की अध्यक्षता डॉ. अशोक कुमार अग्रवाल ने की। इस अवसर पर सेक्टर-30 आरडब्ल्यूए अध्यक्ष प्रमोद कुमार शर्मा, विनोद गौतम, कर्नल कमलेश प्रकाश शर्मा, कर्नल आई.पी. सिंह, कर्नल एस.के. वैद्य, सरस्वती बलूनी, मंजू वर्मा, साक्षी गुप्ता, नीतू भाटी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।