गुरुग्राम में दिल दहला देने वाली वारदात: पिता ने 23वीं मंजिल से पहले 3 साल की बेटी को फेंका, फिर खुद भी कूदकर दी जान
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार को एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। सेक्टर-102 स्थित एक हाई-राइज सोसाइटी में एक पिता ने अपनी तीन साल की मासूम बेटी को 23वीं मंजिल से नीचे फेंक दिया और इसके तुरंत बाद खुद भी छलांग लगा दी। इस भीषण घटना में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद पूरी सोसाइटी में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
टहलाने के बहाने घर से निकला था पिता
पुलिस से मिली शुरुआती जानकारी के अनुसार मृतक दोपहर के समय अपनी तीन साल की बेटी को टहलाने के बहाने घर से बाहर लेकर निकला था। परिजनों को इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि वह लिफ्ट से सीधे इमारत की ऊपरी मंजिल तक चला जाएगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जब लोग मौके पर पहुंचे तो वहां का दृश्य बेहद विचलित करने वाला था।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही सोसाइटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम का सटीक समय और परिस्थितियां स्पष्ट हो सकें।
पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस इस घटना को आत्महत्या से जुड़ा मामला मानकर जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार मृतक पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव या पारिवारिक विवाद से गुजर रहा था, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सोसाइटी में पसरा मातम
जानकारी के अनुसार मृतक अपनी पत्नी और बेटी के साथ सेक्टर-102 स्थित जॉयविला सोसाइटी के नोवे टावर में किराए के 2 बीएचके फ्लैट में रहता था। बताया जा रहा है कि सोमवार को दिल्ली निवासी राहुल अपनी तीन साल की बेटी को लेकर टावर-5 की 23वीं मंजिल पर पहुंचा और पहले बेटी को नीचे फेंका, फिर खुद भी छलांग लगा दी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है।