हॉलीवुड के दिग्गज चक नोरिस का निधन, अक्षय कुमार ने भावुक होकर कहा—‘मेरे किरदार का हिस्सा गढ़ा’

0 27

हॉलीवुड के मशहूर एक्टर और मार्शल आर्टिस्ट चक नोरिस का 84 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके जाने से फिल्म और मार्शल आर्ट्स की दुनिया में शोक की लहर है। इस खबर से भारतीय सिनेमा भी अछूता नहीं रहा। अभिनेता अक्षय कुमार ने भावुक पोस्ट साझा कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और अपने जीवन पर उनके प्रभाव को याद किया।

अक्षय कुमार ने अपने संदेश में लिखा कि मार्शल आर्टिस्ट के तौर पर बड़े होते समय उन्होंने चक नोरिस को बहुत करीब से फॉलो किया। उन्होंने कहा कि नोरिस को देखना ऐसा था जैसे किसी ड्रैगन को एक्शन में देखना। यह केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अनुशासन, ताकत और सहज दिखने वाला कठिन एक्शन था। अक्षय ने स्वीकार किया कि नोरिस की शैली और व्यक्तित्व ने उनके किरदार का एक हिस्सा गढ़ा, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।

कौन थे चक नोरिस

चक नोरिस का जन्म साल 1940 में अमेरिका के ओकलहोमा में हुआ था। स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने एयरफोर्स ज्वाइन की। सेवा के दौरान उनकी पोस्टिंग साउथ कोरिया में हुई, जहां उन्होंने मार्शल आर्ट्स की ट्रेनिंग ली। उन्होंने कराटे, ताइक्वांडो और जूडो समेत कई विधाओं में ब्लैक बेल्ट हासिल किया।

मार्शल आर्ट्स में उनकी महारत का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि उन्होंने 1960 के दशक में कराटे चैंपियनशिप भी जीती। इसके बाद उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और 1972 में उन्हें बड़ा ब्रेक मिला। इसके बाद लंबे समय तक उन्होंने एक्शन और कॉमेडी के जरिए दर्शकों का मनोरंजन किया और खुद को एक बड़े स्टार के रूप में स्थापित किया।

मीम्स की दुनिया में भी थे बादशाह

चक नोरिस सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इंटरनेट की दुनिया में भी उनकी जबरदस्त लोकप्रियता रही। उनके नाम पर बने हजारों मीम्स आज भी सोशल मीडिया पर छाए रहते हैं। उनकी छवि एक ऐसे ताकतवर और मजेदार किरदार की बन गई थी, जो हर स्थिति को अपने अंदाज में पलट देता है।

उनकी लोकप्रियता की तुलना भारत में रजनीकांत और ब्रिटेन में मिस्टर बीन जैसे किरदारों से की जाती है। यही वजह है कि चक नोरिस को न सिर्फ एक एक्टर, बल्कि एक सांस्कृतिक प्रतीक के रूप में भी देखा जाता है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.