रायबरेली में गंगा एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ने 7 लोगों को कुचला; 4 युवतियों की मौत, 3 गंभीर
रायबरेली। गंगा एक्सप्रेस-वे पर रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुलतानपुर जनौली के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने पैदल जा रहे सात लोगों को रौंद दिया। हादसे में एक किशोरी समेत चार युवतियों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
भंडारे से लौटते समय हुआ हादसा
जगतपुर थाना क्षेत्र के कोडर गांव निवासी रिया पटेल, प्रिया पटेल, हिमांशी, शालिनी, रश्मि, साधना और महिला आसमा चूली गांव में आयोजित भंडारे में शामिल होकर पैदल वापस लौट रही थीं। इसी दौरान सुलतानपुर जनौली के पास गंगा एक्सप्रेस-वे पर पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने सभी को अपनी चपेट में ले लिया।
दो युवतियों की मौके पर मौत, अस्पताल में दो ने तोड़ा दम
हादसे में हिमांशी और शालिनी की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों को तत्काल जगतपुर सीएचसी और जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान आसमा और रश्मि ने भी दम तोड़ दिया। शेष तीन घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मौके पर पहुंची पुलिस, जाम से हालात बिगड़े
घटना की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। हादसे के बाद जगतपुर-डलमऊ मार्ग पर भारी भीड़ जुट गई, जिससे जाम की स्थिति बन गई। लक्ष्मणपुर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण करीब दो किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहत कार्य प्रभावित हुआ।
एम्बुलेंस को लेकर भड़का लोगों का गुस्सा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना के करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन उसका दरवाजा काफी देर तक नहीं खुला। इसे देखकर लोगों का गुस्सा भड़क उठा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। घायलों के परिजनों का कहना है कि आपात स्थिति में एंबुलेंस की ऐसी बदहाली गंभीर लापरवाही को दर्शाती है।
पुलिस ने कार कब्जे में ली, चालक की तलाश जारी
सीओ डलमऊ गिरजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को उपचार के लिए भेज दिया गया है। हादसे में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।