कानपुर एलिवेटेड पुल पर भीषण हादसा, मौरंग लदे बेकाबू डंपर की टक्कर में दो सगे भाइयों की मौत; तीन घंटे तक केबिन में फंसे रहे

0 20

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। नौबस्ता स्थित एलिवेटेड पुल पर मौरंग से लदा एक तेज रफ्तार डंपर, पहले से खराब खड़े दूसरे डंपर में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि डंपर का केबिन पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार दो सगे भाई अंदर ही फंस गए।

मौरंग लेकर उन्नाव जा रहे थे दोनों भाई

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जालौन जिले के कालपी क्षेत्र के छौंक गांव निवासी 27 वर्षीय कमलकांत और 25 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों भाई कालपी से मौरंग लादकर उन्नाव जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 4:30 बजे यह हादसा हो गया।

तीन घंटे तक जिंदगी के लिए जूझते रहे

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और एलिवेटेड पुल पर करीब दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दोनों भाई करीब तीन घंटे तक केबिन में फंसे जिंदगी के लिए जूझते रहे, लेकिन केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उन्हें समय पर बाहर नहीं निकाला जा सका।

क्रेन से हटाए गए डंपर, केबिन काटकर निकाले गए शव

बाद में दो क्रेनों की मदद से दोनों डंपरों को अलग किया गया। इसके बाद केबिन को काटकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने की अपील

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि खड़े डंपर में पीछे से टक्कर लगने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद सड़क पर फैली मौरंग को हटाकर यातायात को सामान्य किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सीमित गति में वाहन चलाएं और सड़क पर सावधानी बरतें।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.