गाजियाबाद में मंदिर से लौट रहे परिवार पर हमला, पथराव और मारपीट में 9 घायल; पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में शुक्रवार शाम एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब देवी मंदिर से लौट रहे एक परिवार पर कुछ युवकों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया। इस घटना में कुल 9 लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मंदिर से लौटते समय हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के कैला भट्टा इलाके का एक परिवार देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर घर लौट रहा था। इस दौरान रास्ते में चलने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। घटना शुक्रवार शाम करीब 6 से 7:30 बजे के बीच की बताई जा रही है।
मारपीट और पथराव में कई लोग घायल
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कुछ युवकों द्वारा पथराव भी किया गया। इस झड़प में कुल 9 लोग घायल हो गए, जिनमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने 10 लोगों को लिया हिरासत में
पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया गया है। कोतवाली सिटी थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इलाके में शांति, जांच जारी
पुलिस के मुताबिक, फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है और शांति बनी हुई है। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है।