पटना में भीषण सड़क हादसा, यात्रियों से भरे ऑटो को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला; 6 की मौत, 2 गंभीर घायल

0 27

पटना के बिहटा इलाके में रविवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। मनेर दरगाह का उर्स मेला देखकर घर लौट रहे एक ही परिवार के लोगों से भरे ऑटो को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भयावह हादसे में मौके पर ही छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

उर्स मेला देखकर लौट रहा था परिवार, रास्ते में टूटा कहर

यह हादसा बिहटा-आरा मुख्य मार्ग पर परेव लेखन टोला के समीप हुआ। ऑटो सवार सभी लोग भोजपुर जिले के आरा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जो रविवार अहले सुबह मनेर दरगाह से उर्स मेला देखकर टेम्पू से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आरा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे बेलगाम ट्रक ने ऑटो को सामने से टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि उड़ गए ऑटो के परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ऑटो में सवार आधा दर्जन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े मिले।

एक ही परिवार के थे सभी पीड़ित

मृतकों की पहचान भोजपुर जिले के आरा स्थित चिक टोली निवासी गुड्डू कुमार (33), मो. इम्तियाज उर्फ बुलेट (30), मो. सहजाद (22), दौलतपुर निवासी मो. शहजाद की तीन वर्षीय पुत्री शफना और डेढ़ वर्षीय पुत्र मो. अस्फी के रूप में की गई है। वहीं एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार ऑटो में सवार सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, ट्रक चालक गिरफ्तार

हादसे की सूचना मिलते ही बिहटा पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक चालक को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

तेज रफ्तार को माना जा रहा हादसे की वजह

प्राथमिक जांच में हादसे की वजह ट्रक की तेज रफ्तार और चालक की लापरवाही मानी जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.