अफेयर के शक में पति ने पत्नी को कुर्सी से बांधकर जिंदा जलाया, 11 साल की लव मैरिज का खौफनाक अंत

0 22
कन्नौज: उत्तर प्रदेश के कन्नौज में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक पति पर अपनी पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल डालने और जिंदा जलाकर हत्या करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि पति को शक था कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से अफेयर चल रहा है। गुरुवार सुबह उसने कथित तौर पर पत्नी को कुर्सी से बांधा और पेट्रोल डालकर आग लगा दी। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई गई, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपी अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार हो गया।

11 साल पहले किया था प्रेम विवाह

घटना छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव की है। मृतका की पहचान सोनम के रूप में हुई है। उसकी शादी गांव के ही रहने वाले सुखबीर सिंह उर्फ मोनू से हुई थी। दोनों ने करीब 11 साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो बच्चे हैं, जिनमें सात साल का बेटा और पांच साल की बेटी शामिल हैं। सुखबीर हरियाणा के हिसार में एक निजी कंपनी में नौकरी करता है।

15 दिन पहले गांव आया था सुखबीर

ग्रामीणों के मुताबिक, सुखबीर करीब 15 दिन पहले गांव आया था। इसी दौरान उसे कथित तौर पर पता चला कि उसकी पत्नी का गांव के ही एक युवक से प्रेम संबंध है। इसके बाद उसने सोनम पर नजर रखनी शुरू कर दी। बताया जाता है कि एक दिन उसने सोनम को उस युवक से मोबाइल पर बात करते हुए पकड़ लिया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। अगले दो दिनों तक घर में झगड़ा होता रहा।

बोतल में पेट्रोल लेकर लौटा, पत्नी को लगाई आग

ग्रामीणों के अनुसार, गुरुवार सुबह सुखबीर गुस्से में घर से निकला था। करीब आधे घंटे बाद वह एक बोतल में पेट्रोल लेकर वापस लौटा। आरोप है कि उसने सोनम को कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। घर से आग की ऊंची लपटें उठती देखकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को सूचना दी।

डेढ़ घंटे बाद बुझी आग, घर के अंदर मिला कंकाल

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसके बाद दमकलकर्मी घर के अंदर पहुंचे तो वहां महिला का कंकाल मिला। आग में सोनम की मौत हो चुकी थी।

दो बच्चों को लेकर फरार आरोपी की तलाश में पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी कपिल दुबे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक, पति पर पत्नी को जिंदा जलाकर मारने का आरोप है। वारदात के बाद से वह अपने दोनों बच्चों को लेकर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच कर रही है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को Like व Twitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.