‘90 हजार का सामान ले जा रहा हूं, 3 साल में ब्याज समेत 1.17 लाख लौटा दूंगा’, सीतापुर में चोर की चिट्ठी ने सबको किया हैरान
Uttar Pradesh के Sitapur से चोरी की एक ऐसी अनोखी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया। यहां एक युवक ने दुकान से कृषि उपकरण चोरी तो किया, लेकिन जाते-जाते दुकानदार के नाम एक पत्र भी छोड़ गया, जिसमें उसने चोरी की वजह बताते हुए तीन साल के भीतर ब्याज सहित पूरी रकम लौटाने का वादा किया।
यह मामला महमूदाबाद कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। आरोपी युवक ने दुकान से रोटरी वेटर उठा लिया था, लेकिन बाद में जब उसे पता चला कि मशीन उसके काम की नहीं है, तो वह उसे वापस रखने पहुंच गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने उसे उसके साथी समेत पकड़ लिया।
दुकानदार के नाम छोड़ गया ‘ईमानदारी’ भरा पत्र
जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक सुयश पटेल अपने एक साथी के साथ दुकान से रोटा वेटर समझकर रोटरी वेटर उठा ले गया था। चोरी के बाद उसने दुकानदार के लिए एक चिट्ठी छोड़ी, जिसमें खुद को मजबूर बताते हुए माफी मांगी गई थी।
पत्र में युवक ने लिखा कि वह 90 हजार रुपये कीमत का उपकरण ले जा रहा है और तीन साल के भीतर 10 प्रतिशत ब्याज के हिसाब से कुल 1 लाख 17 हजार रुपये वापस कर देगा। उसने अपने खराब हालातों और दोस्तों को अपनी परेशानी का जिम्मेदार बताया।
चिट्ठी में लिखी भावुक बातें
युवक ने अपने पत्र की शुरुआत ‘जय श्री राम’ से की। उसने लिखा, “मैं आपका यह उपकरण लेकर जा रहा हूं, जिसकी कीमत करीब 90 हजार रुपये है। तीन साल में 10 प्रतिशत ब्याज जोड़कर कुल 1 लाख 17 हजार रुपये आपको लौटा दूंगा।”
उसने आगे लिखा कि वह बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रहा है और उसके कुछ करीबी दोस्तों ने उसे बर्बाद करने की कोशिश की है। युवक ने दुकानदार से उस पर विश्वास करने की अपील भी की।
काम का नहीं निकला उपकरण, लौटाने पहुंचा तो पकड़ा गया
बताया जा रहा है कि चोरी के बाद आरोपी मशीन का इस्तेमाल नहीं कर पाया। जब उसे पता चला कि रोटरी वेटर उसके किसी काम का नहीं है, तो वह देर रात ट्रैक्टर पर लादकर उसे वापस दुकान पर रखने पहुंच गया।
इसी दौरान दुकानदार को इसकी भनक लग गई। शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और युवक को उसके साथी समेत पकड़ लिया। ग्रामीणों ने चोरी किया गया उपकरण और ट्रैक्टर भी बरामद कर लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी लबरहा गांव के रहने वाले हैं।
फिलहाल मामले में जांच जारी है और तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, चोरी की इस अनोखी वारदात और चोर की ‘ईमानदार’ चिट्ठी की चर्चा पूरे इलाके में हो रही है।