दिल्ली में हेड कॉन्स्टेबल ने पत्नी से अवैध संबंध के शक में ED कर्मचारी की गोली मारकर हत्या की

0 35

नई दिल्ली। वजीराबाद थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल ने पत्नी के अवैध संबंध के शक में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान बागपत, यूपी के गांव काठा निवासी आशीष के रूप में हुई है। आशीष प्रवर्तन निदेशालय (ED) में एमटीएस कर्मचारी था, जबकि आरोपी प्रवेश दिल्ली ट्रैफिक पुलिस में हेड कांस्टेबल है और उसकी वर्तमान तैनाती उत्तर-पूर्वी दिल्ली के भजनपुरा ट्रैफिक सर्किल में है।

बारात में हुआ विवाद और गोलीबारी
पुलिस के अनुसार, दोनों पक्ष वजीराबाद में पड़ोसी गौरव की बारात में शामिल होने आए थे। तड़के बारात लौटने की तैयारी कर रही थी, इसी दौरान प्रवेश और आशीष के बीच कहासुनी हुई। प्रवेश अपने भाई संदीप और साले विपिन व विकास के साथ था। विवाद के दौरान प्रवेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पहले आशीष को पीटा और फिर सीने में गोली मारकर फरार हो गया। गोली चलने के तुरंत बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
आशीष के भाई अनुज ने उसे नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां से ट्रामा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेजा। उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के मुताबिक, हत्या के मामले में आरोपित प्रवेश, उसके भाई संदीप और साले विपिन को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, विकास मौके से फरार हो गया है, जिसकी तलाश जारी है। आरोपी प्रवेश की लाइसेंसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है।

शक की वजह से हुई हत्या
पूछताछ में प्रवेश ने स्वीकार किया कि उसे आशीष और उसकी पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इससे पहले तीन-चार महीने पहले भी प्रवेश ने आशीष के पिता सतपाल से शिकायत की थी। उस समय मामूली विवाद हो गया था, जिसे परिवार ने सुलझा दिया था। परिजनों का आरोप है कि शक और ईर्ष्या की वजह से ही प्रवेश ने आशीष की हत्या की।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.