भारत ने गुरुवार, 23 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय स्नो लेपर्ड दिवस को ‘#23for23’ नामक एक अनूठी पहल के साथ मनाया, जिसमें देशभर के लोगों को हिम तेंदुआ (स्नो लेपर्ड) और उनके आवास संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए 23 मिनट तक शारीरिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव ने उत्सव का किया नेतृत्व
केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने इस उत्सव का नेतृत्व किया और नागरिकों, संस्थानों और भारतीय सेना की इस रचनात्मक जागरूकता अभियान में भागीदारी की सराहना की।

पहली बार हुए स्नो लेपर्ड सर्वे में भारतीय हिमालय में 718 स्नो लेपर्ड दर्ज
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की संरक्षण सफलताओं पर प्रकाश डालते हुए, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि देश का स्नो लेपर्ड संरक्षण कार्यक्रम उत्साहजनक परिणाम दे रहा है। हाल ही में संपन्न हुए पहले स्नो लेपर्ड सर्वे में भारतीय हिमालय में 718 स्नो लेपर्ड दर्ज किए गए, जिनमें से अकेले लद्दाख में 477 स्नो लेपर्ड हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्नो लेपर्ड दिवस भारत की ग्लोबल स्नो लेपर्ड एंड इकोसिस्टम प्रोटेक्शन प्रोग्राम (GSLEP) के लक्ष्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराता है और इस प्रतीकात्मक प्रजाति के दीर्घकालिक अस्तित्व के लिए वैज्ञानिक निगरानी, आवास संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी पर देश के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।