ऊर्जा नीति पर भारत का ‘नेशन फर्स्ट’ रुख, ट्रंप के दबाव से बेपरवाह भारत ने साफ कहा- ऊर्जा सुरक्षा सर्वोपरि

0 52

नई दिल्ली। भारत ने एक बार फिर स्पष्ट कर दिया है कि उसकी ऊर्जा नीति किसी बाहरी दबाव से नहीं, बल्कि 1.4 अरब नागरिकों की जरूरतों से तय होती है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया दावों के बीच भारत ने गुरुवार को दो टूक कहा कि देश की ऊर्जा सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी आधार पर कच्चे तेल की खरीद से जुड़े सभी फैसले लिए जाते हैं।

ऊर्जा खरीद पर भारत की स्पष्ट नीति
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार कई बार सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट कर चुकी है कि भारत के लिए ऊर्जा सुरक्षा किसी भी अन्य कारक से ऊपर है। अंतरराष्ट्रीय बाजार की स्थिति और वैश्विक हालात को देखते हुए ऊर्जा स्त्रोतों में विविधता लाना भारत की रणनीति का अहम हिस्सा है और आगे भी इसी नीति पर अमल किया जाएगा।

वेनेजुएला समेत सभी विकल्पों पर खुला भारत
विदेश मंत्रालय ने साफ किया कि भारत वेनेजुएला सहित कच्चे तेल की आपूर्ति के किसी भी नए विकल्प पर विचार करने के लिए तैयार है। यह बयान उन सवालों के जवाब में आया, जिनमें पूछा गया था कि क्या भारत रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद कर देगा। मंत्रालय ने संकेत दिया कि भारत अपने हितों को ध्यान में रखते हुए सभी विकल्प खुले रखेगा।

ट्रंप के दावे और भारत का रुख
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका व वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हो गया है। हालांकि, माना जा रहा है कि भारत रूसी तेल की खरीद पूरी तरह बंद नहीं करेगा और अपनी ‘मल्टी-सोर्स’ रणनीति पर कायम रहेगा।

ईरान में हिरासत में भारतीय नाविकों को राहत
विदेश मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि दिसंबर में ईरान द्वारा हिरासत में लिए गए एक जहाज के चालक दल के 16 भारतीय सदस्यों में से आठ को रिहा कर दिया गया है। भारत की ओर से सभी भारतीय नागरिकों को कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई गई है।

डोभाल-रूबियो मुलाकात की खबर को नकारा
विदेश मंत्रालय ने उस मीडिया रिपोर्ट को भी खारिज कर दिया, जिसमें दावा किया गया था कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल सितंबर में व्यापार समझौते पर बातचीत के लिए वाशिंगटन गए थे और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो से मिले थे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि इस तरह की कोई यात्रा या मुलाकात नहीं हुई थी।

 

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.