सिंधु जल संधि तब तक रद्द रहेगी जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं कर देता: एस जयशंकर

0 1,322

नई दिल्ली: राज्यसभा में विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने सिंधु जल समझौते को लेकर पाकिस्तान को अब तक की सबसे कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद का समर्थन करना बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल समझौते को रद्द माना जाएगा। विदेश मंत्री ने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा, “खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।”

बुधवार को राज्यसभा में एक चर्चा के दौरान बोलते हुए, विदेश मंत्री ने सिंधु जल समझौते को एक “असाधारण समझौता” बताया। उन्होंने कहा, मैं दुनिया में ऐसे किसी भी समझौते के बारे में नहीं सोच सकता, जहां किसी देश ने अपनी प्रमुख नदियों को दूसरे देश में बहने दिया हो और उन पर अपना अधिकार भी छोड़ दिया हो। यह एक असाधारण समझौता था और हमें इसके पीछे के इतिहास को याद रखना महत्वपूर्ण है।

विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, मैंने कल लोगों को सुना, कुछ लोग इतिहास से असहज हो जाते हैं। वे चाहते हैं कि ऐतिहासिक बातें भुला दी जाएं, शायद क्योंकि वे उनके अनुकूल नहीं होतीं। वे केवल कुछ चुनिंदा चीजों को ही याद रखना पसंद करते हैं।

विदेश मंत्री ने पाकिस्तान के प्रति भारत की नीति को स्पष्ट करते हुए बेहद कड़े लहजे में कहा, जब तक पाकिस्तान अपनी धरती से आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक सिंधु जल समझौते को प्रभावी रूप से निलंबित या रद्द ही समझा जाना चाहिए।

डॉ. जयशंकर के इस बयान को पाकिस्तान के लिए एक बड़ी कूटनीतिक चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि भारत अब पानी और आतंकवाद को अलग-अलग करके नहीं देखेगा और पाकिस्तान को अपनी हरकतों की कीमत चुकानी होगी।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया Vnation के Facebook पेज को LikeTwitter पर Follow करना न भूलें...
Leave A Reply

Your email address will not be published.